T20 World Cup 2024: विश्व कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान, जानिए किस खिलाड़ी की क्या होगी भूमिका

बीसीसीआई ने 30 अप्रैल को आगामी टी20 विश्व कप 2024 के लिए रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय दल का ऐलान कर दिया है। जानिए टीम में जिन खिलाड़ियों को मौका मिला है उनकी क्या होगी भूमिका?

KEY HIGHLIGHTS
  • टी20 विश्व कप के लिए बीसीसीआई ने किया टीम इंडिया का ऐलान
  • मुख्यदल में 15 और रिजर्व में 4 प्वेयर्स को मिली जगह
  • केएल राहुल को टीम में नहीं किया है शामिल

Team India T20 World Cup 2024 Squad: अजीत आगरकर की अध्यक्षता वाली बीसीसीआई की सीनियर सिलेक्शन कमिटी ने दो दिन की गहन चर्चा के बाद आखिरकार टी20 विश्व कप 2024 के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। चयनसमिति ने कड़े निर्णय करते केएल राहुल को टीम में शामिल नहीं किया है। वहीं शुभमन गिल और रिंकू सिंह जैसे प्लेयर्स को बतौर रिजर्व प्लेयर टीम के साथ जोड़ा है। टीम में चार स्पिनर्स को शामिल किया गया है। युजवेंद्र चहल की टीम में वापसी हुई है। वहीं शिवम दुबे को बतौर फिनिशर और ऑलराउंडर टीम में जगह दी गई है। जानिए टीम में शामिल खिलाड़ियों की क्या होगी भूमिका। रोहित शर्मा का यह लगातार और रिकॉर्ड दसवां टी20 विश्व कप होगा।

Team India T20 World Cup 2024 Squad

टी20 विश्व कप 2024 भारतीय क्रिकेट टीम (साभार BCCI)

रोहित शर्मा

रोहित शर्मा टीम इंडिया के लगातार दूसरे टी20 विश्व कप के लिए कप्तान होंगे। पिछली बार उनकी कप्तानी में टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। इसके बाद वनडे विश्व कप में टीम को फाइनल तक पहुंचाने के बाद उन्हें एक और मौका टीम को वर्ल्ड चैंपियन बनाने का मिला है। वो टीम में ओपनर की भूमिका में होंगे।

यशस्वी जायसवाल

बांए हाथ के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टी20 विश्व कप के लिए टीम में जगह मिली है। यशस्वी का यह पहला विश्व कप होगा। वो बतौर ओपनर कप्तान रोहित शर्मा का साथ देंगे।

विराट कोहली

विराट कोहली लगातार नौवीं बार टी20 विश्व कप में शिरकत करेंगे। विराट दो बार टी20 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द सीरीज बने हैं। उनसे ऐसे ही प्रदर्शन को दोहराने की टीम को आशा है। वो नंबर तीन पर बल्लेबाजी करेंगे। हालांकि उन्हें नीतिगत बदलाव के तहत ओपनिंग करने का भी मौका मिल सकता है।

सू्र्यकुमार यादव

दुनिया के नंबर वन टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव टीम के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। सूर्या बीच के ओवरों में तेजी से रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा करेंगे। वनडे वर्ल्ड कप में वो नाकाम रहे थे लेकिन टी20 विश्व कप में उन्हें उस नाकामी की भरपाई भी करनी होगी।

ऋषभ पंत

ऋषभ पंत की बतौर विकेटकीपर टीम इंडिया में वापसी हुई है। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने वाले ऋषभ ने आईपीएल में धमाकेदार वापसी की है और अपनी फिटनेस साबित की है। ऐसे में वो टीम के मुख्य विकेटकीपर होंगे।

संजू सैमसन

संजू सैमसन को टीम में जगह दी गई है। वो रिजर्व विकेटकीपर के साथ-साथ टीम के लिए फिनिशर की भूमिका अदा कर सकते हैं। संजू आईपीएल 2024 में धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे हैं इसी का इनाम उन्हें मिला है।

हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या को टीम को उपकप्तान बनाया गया है। हार्दिक टीम के मुख्य ऑलराउंडर होंगे जो गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में योगदान गेंदे। हालांकि उनकी फिटनेस पर पैनी नजर रहेगी। वो वनडे विश्व कप 2023 के बीच चोटिल होकर टीम से बाहर हो गए थे। उनकी कमी टीम को फाइनल में खली थी। उसके बाद वो आईपीएल में वापसी कर सके।

शिवम दुबे

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए बल्ले से धमाल मचाने वाले ऑलराउंडर शिवम दुबे को वर्ल्ड कप के लिए टीम में शामिल किया गया है। शिवम दुबे टीम के लिए फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर और फिनिशर की दोहरी भूमिका अदा करेंगे। रिंकू सिंह वाली जिम्मेदारी शिवम को अदा करनी पड़ेगी।

रवींद्र जडेजा

रवींद्र जडेजा विंडीज-अमेरिका की पिचों पर टीम के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर होंगे। जडेजा विदेशी सरजमीं पर टीम के लिए दोहरी भूमिका लगातार सफलतापूर्वक अदा करते रहे हैं। ऐसा ही उन्हें एक बार फिर टी20 विश्व कप में करना होगा।

अक्षर पटेल

अक्षर पटेल टीम के दूसरे स्पिन ऑलराउंडर होंगे। अक्षर ने विंडीज दौरे पर अपने बल्ले और गेंद दोनों का जादू दिखाया था। इसी वजह से उन्हें बतौर स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर मौका दिया गया है। वो रवींद्र जडेजा का बैकअप होंगे।

कुलदीप यादव

कुलदीप यादव टीम इंडिया के वेस्टइंडीज-अमेरिका की धरती पर मुख्य स्पिनर होंगे। कुलदीप अपनी चाइनामैन गेंदबाजी से धमाल मचाएंगे। उन्हें लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के लिए टीम में मौका दिया गया है।

युजवेंद्र चहल

युजवेंद्र चहल की टी20 विश्व कप के लिए टीम इंडिया में वापसी हुई है। साल 2020 और 2022 के टी20 विश्व कप के लिए वो टीम में जगह हासिल करने में नाकाम रहे थे। ऐसे में वो अपने प्रदर्शन के बल पर टीम में जगह हासिल करने में सफल रहे हैं।

जसप्रीत बुमराह

टीम इंडिया के गेंदबाजी आक्रमण की कमान जसप्रीत बुमराह संभालेंगे। बुमराह पूरी तरह फिट होकर टीम इंडिया में लौटे हैं और लगातार अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने में सफल हुए हैं। पिछले टी20 विश्व कप में वो पीठ की चोट की वजह से नहीं खेल पाए थे।

End of Feed