आईसीसी ने टी20 विश्व कप 2024 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट का ऐलान कर दिया है। भारत और अफगानिस्तान के दबदबे वाली 12 सदस्यीय टीम में 6 भारतीय और 3 अफगानी खिलाड़ियों को शामिल किया है। वहीं टीम में उपविजेता रही दक्षिण अफ्रीका के एक खिलाड़ी को जगह मिली है। वहीं मेजबान वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया का एक-एक खिलाड़ी एकादश में जगह हासिल करने में सफल हुआ है। टूर्नामेंट में शामिल 20 में 15 टीमों का एक भी खिलाड़ी टीम में जगह बना पाने में नाकाम रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 चैंपियन भारतीय क्रिकेट टीम
रोहित-गुरुबाज चुने गए टीम के ओपनर
आईसीसी ने रोहित शर्मा और रहमानुल्लाह गुरबाज को बतौर ओपनर टीम में चुना है। गुरबाज(281) टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे वहीं रोहित शर्मा (257) उनके बाद दूसरे पायदान पर रही। वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरनको तीसरे पायदान पर बल्लेबाजी के लिए जगह मिली है उन्होंने टूर्नामेंट में 228 रन बनाए। वहीं सूर्यकुमार यादव अपनी दो अर्धशतकीय पारियों के बल पर चौथे स्थान पर जगह बना पाने में सफल रहे हैं। उन्होंने 199 रन बनाए।
अक्षर पटेल और हार्दिक चुने गए बतौर ऑलराउंडर
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस को पांचवें पायदान पर बल्लेबाजी के लिए चुना गया हैं वहीं फाइनल में टीम इंडिया की आखिरी ओवर में जीत के हीरो रहे हार्दिक पांड्या को जगह दी गई है। हार्दिक ने टूर्नामेंट में 48 की औसत से 144 रन बनाए और विकेट अपने नाम की। टीम में अक्षर पटेल को बतौर स्पिन ऑलराउंडर जगह दी गई है। अक्षर ने 92 रन बनाने के साथ 9 विकेट भी चटकाए। अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान बतौर लेग स्पिनर आईसीसी की टीम में जगह पाने में सफल रहे हैं। 14 विकेट के साथ राशिद टूर्नामेंट के सबसे सफल स्पिनर रहे।
बुमराह के हाथ में तेज गेंदबाजी की कमान
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को टीम में जगह मिली है। बुमराह ने 4.17 की इकोनॉमी के साथ 15 विकेट लिए। टीम उनका साथ देने के लिए बांए हाथ के पेसर अर्शदीप सिंह भी हैं। अर्शदीप साझा रूप से टूर्नांमेंट में सबसे सफल गेंदबाज रहे उन्होंने 12.64 के औसत से 17 विकेट चटकाए। वहीं वर्ल्ड कप में साझा रूप से सबसे ज्यादा 17 विकेट चटकाने वाले अफगानिस्तान के बांए हाथ के पेसर फजलहक़ फारूक़ी भी एकादश में शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया को बतौर बारहवां खिलाड़ी टीम में जगह मिल सकी है। नॉर्खिया ने 13.40 के औसत से 15 विकेट अपनी झोली में डाले।
टी20 विश्व कप 2024 की आईसीसी टीम ऑफ टूर्नामेंट(T20 World Cup 2024, ICC Team of Tournament)
रोहित शर्मा, रहमानुल्लाह गुरबाज, निकोलस पूरन, सूर्यकुमार यादव, मार्कस स्टोइनिस, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, राशिद खान, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, फज़लहक फारूक़ी, एनरिक नॉर्खिया(12वां खिलाड़ी)
