विराट कोहली जहां खड़े होते हैं वहीं रिकॉर्ड बन जाते हैं। टीम इंडिया की टी20 विश्व कप जीत के बाद विराट कोहली ने अपनी पोस्ट से सोशल मीडिया में भी तहलका मचा दिया है। विराट ने फाइनल में 76 रन की मैच जिताई पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड जीता ही। लेकिन इसके बाद उन्होंने अंतरारष्ट्रीय टी20 से संन्यास का ऐलान करने के बाद इन्स्टाग्राम पर विश्व विजय की जो पोस्ट डाली उसने नए रिकॉर्ड कायम कर दिए।
नहीं की जा सकती इससे बेहतर दिन की कल्पना
विराट ने टीम इंडिया के विश्व चैंपियन बनने के बाद अपने इन्स्टाग्राम पर टीम इंडिया की ट्रॉफी के साथ फोटो शेयर की और कैप्शन लिखा, कोहली ने लिखा,'इससे बेहतर दिन की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। भगवान महान हैं और मैं आभार में अपना सिर झुकाता हूं। हमने आखिरकार यह कर दिखाया। जय हिंद।'
पोस्ट को मिले 1.8 करोड़ से ज्यादा लाइक
विराट की इस पोस्ट को भारतीय प्रशंसकों और विराट के फैन्स ने हाथों हाथ लिया। 24 घंटे के अंदर विराट कोहली की ये पोस्ट 18 करोड़ लाइक का आंकड़ा पार कर चुकी है और 6 लाख 49 हजार से ज्यादा लोग उनकी पोस्ट पर कमेंट कर चुके हैं। यह भारत में इन्स्टाग्राम पर किसी भी पोस्ट को लाइक किए जाने का नया रिकॉर्ड है।
फाइनल में विराट ने मचाया धमाल
विराट कोहली का बल्ला टी20 विश्व कप 2024 के खिताबी मुकाबले से पहले खामोश था। वो 7 मैच में केवल 75 रन बना सके थे जिसमें 37 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर था। ये पारी उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ खेली थी। लेकिन विराट ने फाइनल मैच में 76 रन की पारी खेलकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका अदा की। विराट पारी की बदौलत ही भारतीय टीम शुरुआती झटकों से उबरते हुए 7 विकेट पर 176 रन के स्कोर तक पहुंचने में सफल हुई।
