Surya Kumar Yadav: भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। IPL 2026 में खराब फॉर्म के बाद अब मुंबई टी20 लीग में भी उनका बल्ला खामोश है। सूर्या लगातार रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं और इसका असर उनकी कप्तानी पर भी पड़ने जा रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 और IPL 2026 में फ्लॉप रहने के बाद फैंस को उम्मीद थी कि सूर्या मुंबई टी20 लीग 2026 में फॉर्म में लौटेंगे। हालांकि, यहां भी कहानी नहीं बदली और मंगलवार को वानखेड़े स्टेडियम में ट्रायम्फ्स नाइट्स एमएनई के खिलाफ खेलते हुए सूर्या मात्र 19 रन ही बना सके। वहीं गुरुवार को बंद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ तो वो सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए।
सूर्यकुमार यादव (X/@T20Mumbai)
मुंबई टी20 लीग में भी फ्लॉप
मुंबई टी20 लीग के दो मैचों में सूर्यकुमार यादव के बल्ले से कुल 23 रन ही निकले हैं। हैरानी की बात ये है कि सूर्या के फ्लॉप होने से उनकी टीम को दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा। एक वक्त था जब सूर्या अकेले दम पर मैच जिता देते थे, लेकिन अब वो एक-एक रन के लिए तरसते नजर आ रहे हैं। सूर्या की परेशानी टी-20 वर्ल्ड कप से शुरू हुई थी। वहीं IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उन्होंने 13 मैचों में 20.77 की औसत से सिर्फ 270 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 147 का रहा और सिर्फ दो फिफ्टी लगा पाए। टी20 के नंबर-1 बल्लेबाज से ऐसे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं थी।
कप्तानी और टीम से छुट्टी का खतरा
सूर्या की लगातार खराब फॉर्म को देखते हुए BCCI भी उनके खिलाफ सख्त फैसला ले सकती है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि चीफ सिलेक्टर अजित आगरकर की टीम अब सिर्फ कप्तानी छीनने पर ही नहीं, बल्कि सूर्या को टीम से बाहर करने पर भी सोच रही है। सूर्या ने फरवरी 2026 में ही भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताया था। लेकिन 35 साल के सूर्या पिछले 4 महीने से फॉर्म में नहीं हैं। आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के लिए टीम चुनी जानी है। खबर है कि 6 जून को जब टीम का ऐलान होगा, तो सूर्या का शायद उसमें नाम ना हो।
