Suryakumar Yadav reaches Mumbai: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में लगातार हार झेल रही मुंबई इ्डियंस की टीम के लिए एक खुखखबरी सामने आई है। दरअसल टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव आईपीएल 2024 में अपना पहला मैच खेलने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं। सूर्या शुक्रवार को मुंबई एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। वे जल्द ही मुंबई इंडियंस की टीम से जुड़ सकते हैं।
सूर्यकुमार यादव (फोटो- IPL/BCCI)
सूर्यकुमार ने आखिरी बार प्रतिस्पर्धी मैच दिसंबर में खेला था, जिसमें उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग में तीसरे टी20I में 56 गेंदों में 100 रन बनाए थे। उस मैच के दौरान उनके टखने में चोट लग गई थी।टखने की सर्जरी के अलावा, उन्हें स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी भी करानी पड़ी। इस सर्जरी के चलते वे पिछले तीन महीने से क्रिकेट से बाहर चल रहे हैं। वे अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में भी भाग नहीं ले पाए थे। हालांकि अब उन्हें एनसीए ने फिट घोषित कर दिया है।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलने पर संशय
सूर्यकुमार यादव भले ही एनसीए में ट्रेनिंग करने के बाद फिट होकर आ रहे हैं। लेकिन वे दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रविवार को मैच में भाग लेंगे कि नहीं इसे लेकर अभी भी संशय की स्थिति बनी हुई है। ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक उनका वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को खेलना मुश्किल है। ये मैच मुंबई इंडियंस के लिए जीतना बेहद ही जरूरी है। मुंबई की टीम ने अपने शुरुआती तीनों मैच गंवा दिए हैं। ऐसे में ये मैच जीतकर वे जीत के ट्रेक पर आना चाहेंगे। मुंबई इंडियंस को अगर जीतना है तो सूर्यकुमार यादव का खेलना बेहद जरूरी है।
