Suryakumar Yadav Blessed With Baby Girl: भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 में वर्ल्डकप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव शादी के 10 साल बाद पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी देविशा शेट्टी ने एक प्यारी बेटी को जन्म दिया है। सूर्यकुमार यादव और देविशा ने साल 2016 में शादी की थी। अब इसके 10 साल बाद दोनों पैरेंट बने हैं। फैंस इस खुशखबरी का पिछले काफी दिनों से इंतजार कर रहे थे। अब दोनों का परिवार दो से तीन का हो गया है। स्काई के नाम से मशहूर सूर्यकुमार यादव इन दिनों आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे हैं।
पिता बने सूर्यकुमार यादव (फोटो साभार- surya_14kumar)
पिता बनने पर फैंस दे रहे बधाई
सूर्यकुमार और उनकी पत्नी को बेटी होने के बाद फैंस दोनों को जमकर बधाइयां दे रहे हैं। स्काई ने पारिवारिक कारणों से कुछ मैचों की छुट्टी ली है। पिछले मैच में उन्होंने हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में मुंबई इंडियंस की कप्तानी की थी। हालांकि, अगले मैच में वह खेलते नजर नहीं आएंगे। पिछले मैच में उन्होंने लगातार हार से जूझ रही मुंबई की कप्तानी करते हुए जीत दिलाई थी। हालांकि, बल्लेबाजी में उनका परफॉर्मेंस कुछ खास नहीं रहा है। वह टी20 वर्ल्ड कप से लेकर IPL तक खराब बल्लेबाजी फॉर्म से जूझ रहे हैं।
कॉलेज के दिनों में परवान चढ़ा था प्यार
सूर्यकुमार यादव और देविशा शेट्टी की पहली मुलाकात मुंबई में ही हुई थी। कॉलेज के दिनों में दोनों की लव स्टोरी परवान चढ़ी। एक डांस परफॉर्मेंस के दौरान सूर्या ने देविशा को देखा था और पसंद करने लगे थे। इसके बाद उन्होंने साल 2016 में शादी कर ली थी। अब शादी के 10 साल बाद यानि 7 मई 2026 को उन्हें माता-पिता बनने की खुशनसीबी मिली है। मुंबई इंडियंस का अगला मैच आरसीबी के साथ 10 मई को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। इस सुपरहिट मुकाबले में सूर्या शायद ही खेलते नजर आएं।
