Lanka Premier League 2023: आईपीएल में अपनी तूफानी पारी की बदौलत टीम को जीत दिलाने वाले भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर और चेन्नई के स्टार बल्लेबाजों में से एक रहे सुरेश रैना जल्द ही श्रीलंका के टी20 लीग लंका प्रीमियर लीग में चौके-छक्के लगाते हुए नजर आएंगे। इस लीग को लेकर 14 जून को ऑक्शन होना है। ऑक्शन के लिए तैयार किए गए लिस्ट में चेन्नई के लिए शानदार पारी खेलने वाले सुरेश रैना सहित तीन भारतीय खिलाड़ियों का नाम शामिल है। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने सोमवार को इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेटरों की सूची जारी की, जो 31 जुलाई से शुरू होने वाले पांच टीम के टूर्नामेंट के दौरान नीलामी में हिस्सा लेंगे।
सुरेश रैना। (फोटो- CSK Twitter)
5500 से ज्यादा रन है रैना के नाम
चेन्नई सुपर किंग्स के प्रमुख बल्लेबाजों में से एक रहे सुरेश रैना के नाम आईपीएल में 5500 से अधिक रन है। वे आईपीएल के ओवरऑल टॉप स्कोर की लिस्ट में एबी डिविलियर्स और एमएस धोनी से आगे पांचवें नंबर पर है। रैना ने आईपीएल में 205 मैच खेले हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 136.76 की स्ट्राइक रेट से 5528 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और 39 अर्धशतक शामिल है। इस दौरान उनके बल्ले से 506 चौके और 203 छक्के निकले हैं। सीएसके के अलावा रैना आईपीएल में गुजरात लायंस का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह घरेलू टूर्नामेंटों में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते थे।
विदेशी लीग खेलने के लिए ये खिलाड़ी ले चुके हैं संन्यास
भारतीय क्रिकेट बोर्ड के नियमों के अनुसार, अन्य देश की फ्रेंचाइजी लीग में खेलने के लिए भारतीय खिलाड़ी को घरेलू क्रिकेट में सभी फॉर्मेट से संन्यास लेना होगा। इसके चलते भारत के पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर उन्मुक्त चंद और हरमीत सिंह अमेरिका में प्रवास करने के लिए घरेलू क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। वे बिग बैश लीग सहित कई विदेशी लीग में खेल चुके हैं।
(भाषा इनपुट के साथ)
