Major League Cricket 2024, Washington Freedom vs Texas Super Kings: मेजर लीग क्रिकेब्ट 2024 (Major League Cricket 2024) में शनिवार को दो ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की धमाकेदार प्रदर्शन देखने को मिली। चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी की टीम टेक्सास सुपर किंग्स के खिलाफ पहले ट्रेविस हेड ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। इनके आउट होने के बाद वॉशिंगटन फ्रीडम के कप्तान और ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने टीम के लिए शानदार पारी खेली। उन्होंने 142.50 की स्ट्राइक रेट से 40 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्के की मदद से 57 रन बनाए। यह उनका मौजूदा लीग का पहला अर्धशतक है। उनकी अर्धशतकीय पारी की बदौलत टीम ने विशाल स्कोर खड़ा किया। डलास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टेक्सास सुपर किंग्स ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वॉशिंगटन फ्रीडम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 206 रन बनाए और टेक्सास को विशाल लक्ष्य दिया।
स्टीम स्मिथ। (फोटो- Major League Cricket X)
टॉप-5 स्कोरर लिस्ट में स्मिथ बरकरार
टेक्सास सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार पारी की बदौलत स्टीव स्मिथ टॉप-5 स्कोरर की लिस्ट में बरकरार हैं। इस मुकाबले से पहले वे पांचवें नंबर पर थे, लेकिन अर्धशतकीय पारी के बाद स्मिथ अब चौथे नंबर पर आ चुके हैं। उन्होंने 6 मैचों में 136.42 की स्ट्राइक रेट से 191 रन बनाए हैं। वे टॉप-5 स्कोरर की लिस्ट में अपनी टीम के दूसरे बल्लेबाज हैं। वॉशिंगटन फ्रीडम के बल्लेबाज ट्रेविस हेड 194 रन के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
टेबल में टॉप पर बरकरार है वॉशिंगटन
वॉशिंगटन फ्रीडम का पॉइंट टेबल में दबदबा बरकरार है। टेक्सास सुपर किंग्स और वॉशिंगटन फ्रीडम मुकाबले से पहले वॉशिंगटन फ्रीडम टीम को 5 मैचों में से 4 मुकाबले में जीत मिली है और एक मुकाबले का परिणाम नहीं निकल सका है। टीम इकलौती अजेय टीम है। टीम 9 अंक के साथ टेबल में टॉप पर है।
