Cricket Viral Video: क्रिकेट विश्व कप 2023 बेहद करीब है और पूरी दुनिया में करोड़ों क्रिकेट फैंस इसके जोश में डूबे हुए हैं। इस टूर्नामेंट में बेशक दुनिया के सिर्फ 10 देश खेलते नजर आएंगे, लेकिन इस खेल के प्रति दीवानगी की कोई सीमा नहीं है। क्रिकेट ना खेलने वाले देशों में भी इसके दीवानों की मौजूदगी मिल जाएगी। वहीं, क्रिकेट के कुछ ऐसे दीवाने भी हैं जो दुनिया के लिए मिसाल पेश करने में पीछे नहीं हटते। इनके हौसले और हिम्मत को सलाम किए बिना नहीं रहा जाता। एक ताजा वायरल वीडियो में एक क्रिकेट फैन ऐसी ही कभी हार ना मानने वाली मिसाल पेश कर रहा है।
बार्मी आर्मी ने शेयर किया वीडियो (Barmy Army)
'बार्मी आर्मी' द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए इस वीडियो में एक लड़का नजर आ रहा है जो दिव्यांग है। उसका सिर्फ एक पैर है लेकिन फिर भी वो किसी सामान्य क्रिकेटर की तरह पिच पर डटा हुआ है और बल्लेबाजी का अभ्यास करता नजर आ रहा है। एक पांव पर बल्लेबाजी करते हुए इस युवा ने जिस दिलेरी से शॉट्स लगाए उसे देखकर आप भी सलाम करेंगे।
क्रिकेट फैन ग्रुप बार्मी आर्मी इंग्लैंड का चर्चित फैन ग्रुप है जिसके सदस्य आपको तमाम क्रिकेट मैचों के दौरान स्टेडियम में नजर आ जाएंगे। उन्होंने इस वीडियो के साथ लिखा, "कितना शानदार है ये लड़का जो सिर्फ एक पैर पर बल्लेबाजी कर रहा है। एक मिसाल।"
इस वीडियो को हजारों लोग पसंद कर रहे हैं और सोशल मीडिया के अलग-अलग अकाउंट्स से भी इसको शेयर किया जा रहा है। क्रिकेट खेलने की चाहत तमाम युवाओं में होती है लेकिन विपरीत परिस्थितियों को चुनौती देते हुए भी अपना हुनर दिखाना कम ही दिलेरों के बस की बात होती है।
