क्रिकेट

SLW vs SAW: बल्लेबाजी के दौरान चोटिल हुई श्रीलंकाई खिलाड़ी, स्ट्रेचर पर जाना पड़ा बाहर

श्रीलंका और साउथ अफ्रीका के बीच चल रहे मुकाबले के दौरान श्रीलंकाई बल्लेबाज को रिटायर्ड हर्ट होकर वापस जाना पड़ा। दरअसल रन लेने के क्रम में उन्हें गेंद लग गई, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर से बाहर ले जाना पड़ा।

Image

श्रीलंका और साउथ अफ्रीका (साभार-screengrab)

SLW vs SAW: महिला विश्व कप 2025 के बीच श्रीलंकाई टीम को बड़ा झटका लगा है। आर प्रेमदासा स्टेडियम में जारी 18वें मुकाबले में सलामी बल्लेबाज विश्मी गुनारत्ने चोटिल हो गईं, जिसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम 4 ओवरों के खेल तक बगैर कोई विकेट गंवाए 16 रन बना चुकी थी। मारिजान काप के तीसरे ओवर की पहली गेंद पर विश्मी गुनारत्ने ने चौका लगाया, जिसके बाद अगली दो बॉल डॉट रहीं। चौथी गेंद पर सलामी बल्लेबाज को एक रन लेने के दौरान नॉन-स्ट्राइकर छोर पर बाएं घुटने में चोट लग गई। विश्मी काफी दर्द में नजर आ रही थीं। फिजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे। इस दौरान विश्मी बमुश्किल हिल पा रही थीं। आखिरकार, उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा।

सह-मेजबान श्रीलंकाई टीम घरेलू मैदान पर इस अहम मुकाबले में जीत हासिल करने की उम्मीद करेगी। इस टीम ने अब तक चार मुकाबलों में एक भी जीत दर्ज नहीं की है। यह टीम प्वाइंट्स टेबल में सातवें पायदान पर मौजूद है। वहीं, साउथ अफ्रीका ने चार में से तीन मुकाबले अपने नाम किए हैं। यह टीम जीत की हैट्रिक लगाकर प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर है।

साउथ अफ्रीका की निगाहें जीत के साथ सेमीफाइल में पहुंचने पर हैं, जबकि श्रीलंकाई टीम जीत के साथ अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखना चाहेगी।

श्रीलंकाई टीम इस मुकाबले में बगैर किसी बदलाव के उतरी है। चामरी अथापथु की कप्तानी में विश्मी गुनारत्ने, हसीनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षी डी सिल्वा, अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), पियमी वात्सला बदलगे, सुगंधिका कुमारी, माल्की मादरा और इनोका रणवीरा को मौका दिया गया है।

दूसरी ओर, लौरा वोल्वार्ड्ट की कप्तानी में साउथ अफ्रीकी टीम की प्लेइंग इलेवन में ताजमिन ब्रित्स, सुने लुस, एनेरी डर्कसेन, मारिजैन कप्प, कराबो मेसो (विकेटकीपर), क्लो ट्रायॉन, नादिन डी क्लार्क, नोंदुमिसो शांगसे, मसबत क्लास और नॉनकुलुलेको म्लाबा को शामिल किया गया है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article