SL vs PAK: पाकिस्तान ने पहले टेस्ट में दी श्रीलंका को पटखनी, सीरीज में हासिल की 1-0 की बढ़त

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 20, 2023, 11:49 AM IST

पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज के गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में जीत के साथ शुरुआत की है। मैच चौथी पारी में इमाम उल हक ने नाबाद अर्धशतक जड़कर टीम का बेड़ा पार लगाया।

गॉल: पाकिस्तान ने दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत श्रीलंका को गॉल टेस्ट में 4 विकेट से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। मैच की चौथी पारी में पाकिस्तान को जीत के लिए 131 रन का लक्ष्य मिला था। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने 3 विकेट खोकर 48 रन बना लिए थे। पांचवें दिन उसे जीत के लिए 83 रन और बनाने थे। पाकिस्तान ने पांचवें दिन के पहले सत्र में 3 विकेट और गंवाकर विजयी लक्ष्य को हासिल कर लिया।

Pakistan Cricke team

पाकिस्तान किकेट टीम(साभार PCB Media)

इमाम उल हक ने कराई जीत की दहलीज पार

पांचवें दिन 48 रन पर 3 विकेट के स्कोर से आगे खेलने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 16वें ओवर में 50 रन पूरे किए। इसके बाद कप्तान बाबर आजम 79 के स्कोर पर जयासूर्या की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। उनके आउट होने के बाद सऊद शकील ने इमाम उल हक का साथ दिया। दोनों ने मिलकर टीम को 100 रन के पार 24.6 ओवर में पहुंचा दिया। लेकिन 122 के स्कोर पर शकील रमेश मेंडिस की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। उन्होंने 30 रन बनाए। इसके बाद जल्दी सरफराज अहमद प्रभात जयसूर्या की गेंद पर कैच हो गए। जीत के करीब पहुंचने पर इमाम उल हक ने अपना अर्धशतक 84 गेंद पर 4 चौके और 1 छक्के की मदद से पूरा किया और टीम को 32.5 ओवर में जीत दिलाकर पवेलियन वापस लौटे।

End of Feed