IND vs WI Test: भारत के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि टीम घरेलू मैदानों पर केवल ‘टर्निंग पिच’ पर निर्भर नहीं रहना चाहती। उन्होंने कहा कि भारत ऐसी पिचों पर खेलना चाहता है जो बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों की मददगार हों।
शुभमन गिल (फोटो- BCCI)
गिल ने कहा, “भारत आने वाली किसी भी टीम के लिए चुनौती स्पिन और रिवर्स स्विंग होती है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हम चाहते हैं कि विकेट बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को बराबरी का मौका दे।”
तीसरे तेज गेंदबाज को मिल सकता है मौका
गिल ने संकेत दिया कि वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है। पिच पर घास जमी है और मौसम उमस भरा है, इसलिए संयोजन में बदलाव की संभावना है। उन्होंने कहा, “मौसम और हालात को देखते हुए तीसरे तेज गेंदबाज को उतारा जा सकता है, लेकिन फैसला मैच के दिन लिया जाएगा।”
दमदार क्रिकेट खेलने का इरादा
भारतीय कप्तान ने जोर दिया कि टीम अपनी धरती पर आक्रामक और मजबूत क्रिकेट दिखाना चाहती है। उन्होंने कहा, “हम दमदार क्रिकेट खेलना चाहेंगे। पिछले कुछ सालों में भारत में टेस्ट मैच पांच दिन तक नहीं चल पाए हैं, इसलिए हम चाहते हैं कि दर्शकों को रोमांचक और पूरी ताकत से खेला गया मुकाबला देखने को मिले।”
टी20 से टेस्ट में ढलने की चुनौती
गिल ने माना कि एशिया कप जैसे टी20 टूर्नामेंट के बाद अचानक टेस्ट प्रारूप में ढलना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा, “हमें टेस्ट मैच की तैयारी के लिए केवल दो दिन मिले। जल्दी-जल्दी प्रारूप बदलना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन हमने नेट पर काफी मेहनत की है। ऐसे समय मानसिक तैयारी सबसे ज्यादा अहम हो जाती है।”
जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड पर नजर
गिल और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह सीधे दुबई से टीम से जुड़े हैं। बुमराह को लेकर गिल ने कहा कि उनके कार्यभार (वर्कलोड) प्रबंधन को देखते हुए फैसला मैच दर मैच होगा। उन्होंने कहा, “यह इस पर निर्भर करेगा कि मैच कितना लंबा चलता है और गेंदबाज को कितने ओवर डालने पड़ते हैं। कुछ भी पहले से तय नहीं है।”
जडेजा रहेंगे छठे नंबर के बल्लेबाज
गिल ने यह भी स्पष्ट किया कि रविंद्र जडेजा छठे नंबर पर बल्लेबाजी जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, “हमें पता है कि भारत में जड्डू भाई कितने अहम हैं। बल्लेबाजी में जिस तरह की फॉर्म उन्होंने दिखाई है, वह अब टेस्ट मैचों में हमारे पक्के छठे नंबर के बल्लेबाज बन गए हैं।”
(भाषा)
