Sarfaraz Khan Weight Loss Journey: साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद सरफराज को 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रही 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम में जगह मिल गई है। भारतीय टेस्ट टीम में वापसी करने से कुछ दिन पहले सरफराज खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखी थी - "हो सकता है मैं टीम में फिट न बैठूं, लेकिन मैं अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोडूंगा।" ये लाइनें सिर्फ शब्द नहीं थीं, बल्कि उनके जज्बे का सबूत थीं। इसके बाद अब उनकी मेहनत रंग लाई है।
सरफराज खान ने घटाया वजन (फोटो साभार- sarfarazkhan97)
दो साल पहले टीम से हो गए थे बाहर
मुंबई के इस 28 साल के बल्लेबाज के लिए ये वापसी किसी सपने के सच होने जैसी है। पिछले दो साल से वो इसी मौके का इंतजार कर रहे थे। 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में 4 बार नाकाम रहने के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था। उस सीरीज में पूरी टीम संघर्ष कर रही थी, लेकिन गाज सिर्फ सरफराज पर गिरी। इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने भारत ए के लिए बेकेनहैम में शतक और इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 92 रन बनाए, फिर भी दरवाजा नहीं खुला।
डेढ़ साल में कम किया 17 किलो वजन
इस बीच सरफराज ने खुद को पूरी तरह बदल लिया। सबसे बड़ा बदलाव था फिटनेस। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें "भारी भरकम" माना जाता था। इसलिए उन्होंने पिछले डेढ़ साल में 17 किलो वजन कम किया। अब वो पहले से ज्यादा चुस्त-दुरुस्त दिखते हैं और इसका असर उनके टी20 खेल पर भी पड़ा है। अभ्यास के लिए उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। मुंबई में बारिश के कारण जब नेट बंद हो गए तो सरफराज सीधे कश्मीर पहुंच गए। वहां शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में उन्होंने घंटों बल्लेबाजी की और अपने खेल को तराशा। रणजी में तिहरा शतक जड़ने वाले सरफराज जानते थे कि सिर्फ घरेलू रन काफी नहीं हैं।
सुदर्शन की चोट ने खोला दरवाजा
टीम प्रबंधन की नजर उन पर पहले से थी। सूत्रों के मुताबिक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट से पहले भी उनके बारे में पूछताछ हुई थी, लेकिन तब चयनकर्ता तैयार नहीं थे। अब सुदर्शन के दाहिने पैर के अंगूठे की चोट ने सरफराज के लिए दरवाजा खोल दिया। चयन के लिए रुतुराज गायकवाड़ और शेख रशीद भी रेस में थे, लेकिन स्पिन के खिलाफ महारत के कारण सरफराज का पलड़ा भारी पड़ा। श्रीलंका की पिचें स्पिनरों के लिए मददगार होती हैं। ध्रुव जुरेल हाल में ऑफ-स्पिन के खिलाफ सहज नहीं दिखे थे। ऐसे में सरफराज की स्वीप और रिवर्स स्वीप की काबिलियत टीम के काम आ सकती है। कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत के बाद वो शायद टीम में स्पिन खेलने में सबसे बेहतर हैं। गॉल में 15 अगस्त से शुरू हो रहे पहले टेस्ट में सरफराज को अंतिम 11 में मौका मिल सकता है।
