क्रिकेट

टीम छोड़ने की खबरों के बीच आई राजस्थान रॉयल्स को लेकर संजू सैमसन की प्रतिक्रिया

संजू सैमसन ने राजस्थान रॉयल्स को लेकर प्रतिक्रिया दी है। दरअसल आईपीएल 2026 से पहले उनका इस टीम को छोड़कर जाना तय है। इस बीच उन्होंने बताया कि उनके लिए इस फ्रेंचाइजी के क्या मायने हैं? पिछला सीजन इस टीम के लिए अच्छा नहीं रहा था।

Image

संजू सैमसन (साभार-X Sanju Samson)

एशिया कप 2025 में टीम इंडिया की ओर से एक बार फिर संजू सैमसन ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। लेकिन चर्चा उनके एशिया कप को लेकर नहीं बल्कि आईपीएल को लेकर ज्यादा है। इस बीच खबरों की मानें तो संजू सैमसन आईपीएल 2026 में वह राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते नजर नहीं आएंगे। उनके करीबों सदस्यों ने इसको लेकर साफ कर दिया है कि यह विकेटकीपर बल्लेबाज अब राजस्थान के साथ नहीं रहेगा। हालांकि, इस पर अंतिम फैंसला फ्रेंचाइजी को लेना है, क्योंकि बिना उनके आदेश के सैमसन 2027 तक कहीं नहीं जा सकते हैं। इस बीच इस बल्लेबाज के लिए राजस्थान रॉयल्स के क्या मायने हैं, इसको लेकर उन्होंने प्रतिक्रिया दी है।

मेरे लिए सबकुछ है यह टीम

संजू ने हाल ही में रविचंद्रन अश्विन को एक इंटरव्यू दिया है जिसमें उन्होंने कहा 'राजस्थान रॉयल्स मेरे लिए बहुत मायने रखती है। जब केरल से आया एक युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाना चाहता था, तब राहुल (द्रविड़) और मनोज बडाले सर ने मुझे एक मंच दिया, जहां मैं दुनिया को दिखा सका कि मैं क्या कर सकता हूं? RR ने शुरू से ही उन पर भरोसा किया और इसके साथ अब तक का सफर शानदार रहा है। मैं इस टीम का बहुत आभारी हूं।

राजस्थान के साथ संजू का सफर

संजू ने साल 2013 में युवा विकेटकीपर के तौर पर इस टीम के लिए डेब्यू किया था। 30 वर्षीय यह बल्लेबाज इस टीम के लिए 11 सीजन खेल चुका है। इस दौरान उन्होंने 155 मैच की 150 पारी में 4,219 रन बनाए। वह राजस्थान के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी भी हैं।

क्यों अलग होना चाहते हैं सैमसन

अब सवाल उठता है कि अगर राजस्थान के साथ उनकी बांडिंग इतनी अच्छी है तो वह क्यों इसका साथ छोड़ना चाहते हैं। इसके पीछे टीम का खराब प्रदर्शन बताया जा रहा है। 2025 आईपीएल में राजस्थान ने 9वें नंबर पर फिनिश किया था। इंजरी के कारण वह केवल 9 मैच ही खेल पाए थे। इसके अलावा किसी बात को लेकर फ्रेंचाइजी से उनकी बन नहीं रही। यही कारण है कि वह अपनी अलग राह तलाश रहे हैं। राजस्थान ने उन्हें मेगा ऑक्शन से पहले 18 करोड़ में खरीदा था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article