पाकिस्तान के टी20 कप्तान सलमान अली आगा वनडे वर्ल्ड कप 2027 और आगामी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए बेहतर तैयारी करने के लिए टी20 फॉर्मेट से ब्रेक लेने पर विचार कर रहे हैं। 23 टेस्ट, 50 वनडे और 52 टी20 मैच खेल चुके सलमान आगा ने खुलासा किया कि वनडे वर्ल्ड कप उनकी पहली प्राथमिकता है।
टी20 से ब्रेक लेना चाहते हैं सलमान अली आगा। फोटो- एपी
पत्रकारों से बात करते हुए सलमान ने कहा, विश्व कप अभी काफी दूर है, लेकिन हां, हमें अपने शेड्यूल और काम के बोझ को मैनेज करने की करने के बारे में सोचना होगा। अगर मुझे लगता है कि ब्रेक लेने से मुझे विश्व कप और टेस्ट मैचों की तैयारी में मदद मिलेगी, तो मैं जरूर ब्रेक लूंगा।
टी20 में खराब प्रदर्शन
सलमान की हालिया T20I फॉर्म पर भी सवाल उठने लगे हैं। पिछले एक साल से इस फॉर्मेट में पाकिस्तान की कप्तानी करने के बावजूद, उन्हें लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में मुश्किल हुई है। T20 वर्ल्ड कप में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए। वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए, जिसके चलते पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गया।
पाकिस्तान सुपर लीग के बारे में बात करते हुए, सलमान ने युवा टैलेंट को पहचानने में इसकी अहमियत पर जोर दिया, लेकिन खिलाड़ियों को सीधे नेशनल टीम में शामिल करने के खिलाफ चेतावनी भी दी।
पीएसएल में युवा भागेदारी
उन्होंने आगे कहा, मैं तो एक ऐसा तरीका देखना चाहूंगा, जिसमें हम PSL में मजबूत युवा टैलेंट को पहचानें, उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए भेजें, फिर उनके प्रदर्शन की समीक्षा करें और तय करें कि क्या वे इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए तैयार हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि अतीत में कई खिलाड़ियों को सिर्फ उनके PSL प्रदर्शन के आधार पर इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए चुना गया था, लेकिन वे सबसे ऊंचे स्तर पर सफल नहीं हो पाए। साल 2027 में वनडे वर्ल्ड कप अक्टूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया 2023 के फाइनल में भारत को हराकर मौजूदा डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में टूर्नामेंट में उतरेगा।
