श्रीलंका इलेवन के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में टीम इंडिया ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। मैच के तीसरे दिन कुलदीप यादव ने गेंदबाजी नहीं की, ऐसे में उनके फिटनेस को लेकर चर्चा शुरू हो गई। मैच के बाद कुलदीप के फिटनेस पर स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतले ने अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि वर्कलोड को मैनेज करने के लिए वह अपनी बॉडी को असेस करना चाहते थे। वह पूरी तरह से फिट हैं। 3 दिवसीय वॉर्म-अप मैच में कुलदीप ने केवल 18 ओवर की गेंदबाजी की। बहुतले ने कहा कि एहितायतन उन्हें आराम दिया गया था।
कुलदीप यादव (साभार-X)
कुलदीप के अलावा इस वॉर्म-अप मुकाबले में भारत की ओर से रवींद्र जडेजा, मानव सुथार और सारंश जैन स्पिन गेंदबाजी का विकल्प थे। मानव और जडेजा दोनों ने 14-15 ओवर की गेंदबाजी की। पिच में स्पिन गेंदबाजों के लिए थोड़ी बहुत मदद भी थी।
बहुतले ने कहा कि भारत ने इस वॉर्म-अप मैच में मजबूत टीम उतारी थी और गाले टेस्ट से पहले टीम को परखने का उद्देश्य भी इसके जरिए पूरा हुआ। इस दौरे पर आने वाले ज्यादातर खिलाड़ी अनुभवी हैं, लेकिन कुछ नए खिलाड़ी जैसे मानव सुथार और सारंश जैन जैसे खिलाड़ियों के लिए जरूरी था कि वह यहां के वातावरण को समझ सकें।
भारतीय टीम मैनेजमेंट कप्तान शुभमन गिल के रिकवरी से भी संतुष्ट है। गिल ने पहले दिन बल्लेबाजी नहीं की थी, जबकि तीसरे दिन वह बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने 44 रन की पारी भी खेली। बहुतले ने बताया कि गिल ने खासतौर से श्रीलंका स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ अच्छी तैयारी की है।
उन्होंने कहा कि टीम लोअर-ऑर्डर बैटिंग पर भी काम कर रही है। यही कारण है कि गुरनूर ब्रार को बल्लेबाजी करने के लिए भेजा गया। टेस्ट क्रिकेट में एक अच्छा टोटल बनाने के लिए लोअर-ऑर्डर बल्लेबाज की भूमिका काफी अहम होती है। इसलिए हम लोग उन्हें नेट्स में ज्यादा से ज्यादा बल्लेबाजी करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
