इंग्लैंड दौरा शुभमन गिल की बल्लेबाजी के साथ-साथ मोहम्मद सिराज की गेंदबाजी के लिए याद किया जाएगा। इस सीरीज में उन्होंने जिस तरह की गेंदबाजी की, खासतौर से जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में वह काबिले तारीफ है। इस दौरे को अगर सिराज के नए अवतार के रुप में याद किया जाए तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं होनी चाहिए। हो भी क्यों, जब इस पर खुद क्रिकेट के भगवान ने मुहर लगा दी। सिराज की तारीफ करते हुए सचिन तेंदुलकर ने एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने, उन्हें 'जिगर' वाला गेंदबाज करार दिया है।
मोहम्मद सिराज (साभार-BCCI)
सचिन ने की सिराज की तारीफ
सचिन ने मोहम्मद सिराज के एटीट्यूड पर बात की है और एक तेज गेंदबाज के तौर पर उनकी तारीफ की है। उन्होंने कहा कि स्कोरबोर्ड पर स्कोर चाहे जो भी हो उनके एटीट्यूड में कभी कोई बदलाव नहीं आता है जो एक तेज गेंदबाज में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 1000 से ज्यादा गेंद डालने के बाद भी अगर सिराज 140 से ज्यादा की स्पीड में गेंदबाजी कर रहे थे तो ये उनके जिगरे को बताता है। बल्लेबाज ऐसे गेंदबाजों को खेलना पसंद नहीं करते। उन्होंने रूट का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर आप उनसे पूछेंगे कि सिराज के खिलाफ उन्हें बैटिंग करना पसंद है तो वह न ही कहेंगे। बल्लेबाज उस गेंदबाज को खेलना ज्यादा पसंद करते हैं जो शांति से गेंद डाल रहे हो न कि बल्लेबाज को चिढ़ा रहे हों। सिराज ने सचिन के इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए उनका धन्यवाद भी किया है।
