‘लाइफटाइम अचीवमेंट' पुरस्कार से सम्मानित होंगे सचिन तेंदुलकर

शनिवार को सचिन तेंदुलकर को बीसीसीआई सम्मानित करेगी। उन्हें सी के नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। 51 वर्षीय तेंदुलकर के नाम क्रिकेट इतिहास में सबसे अधिक टेस्ट और वनडे रन बनाने का रिकॉर्ड है।

पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को शनिवार को यहां भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के वार्षिक समारोह में बोर्ड के ‘लाइफटाइम अचीवमेंट (जीवनपर्यन्त उपलब्धि)’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। भारत के लिए 664 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले 51 वर्षीय तेंदुलकर के नाम क्रिकेट इतिहास में सबसे अधिक टेस्ट और वनडे रन बनाने का रिकॉर्ड है। बोर्ड के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘हां, उन्हें वर्ष 2024 के लिए सी के नायडू ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा।’’ तेंदुलकर के 200 टेस्ट और 463 एकदिवसीय मैच क्रिकेट इतिहास में किसी भी खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक है। उन्होंने वनडे में 18,426 रनों के अलावा 15,921 टेस्ट रन बनाए।

sachin Tendulkar

सचिन तेंदुलकर (साभार-X)

उन्होंने अपने शानदार करियर में केवल एक टी20 अंतरराष्ट्रीय खेला है। भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री और पूर्व दिग्गज विकेटकीपर फारुख इंजीनियर को 2023 में इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। अपने युग के महानतम बल्लेबाज माने जाने वाले तेंदुलकर को हर परिस्थिति में सहजता से रन बनाने के लिए जाना जाता था। उन्होंने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल की उम्र में टेस्ट पदार्पण किया और अगले दो दशक में दुनिया भर के गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाये। उनके नाम टेस्ट और वनडे प्रारूप को मिलाकर 100 शतक लगाने का रिकॉर्ड भी है।

End of Feed