CSK vs LSG: लखनऊ सुपरजायंट्स (एसएसजी) के खिलाफ चार विकेट पर 210 रन बनाने के बाद भी हार का सामना करने से निराश चेन्नई सुपरकिंग्स(CSK) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा कि ओस के कारण गेंदबाजों के लिए परिस्थितियां काफी मुश्किल थी। रुतुराज ने इस मुकाबले में नाबाद 108 रन की पारी खेली और अपनी टीम को 210 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। लेकिन उनकी इस पारी पर स्टॉयनिस की पारी भारी पड़ी और चेन्नई को घर में 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। मार्कस स्टोइनिस ने 63 गेंद में 124 रन की नाबाद पारी खेली और एलएसजी को तीन गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
रुतुराज गायकवाड़ (साभार-IPL)
ऋतुराज ने मैच के बाद कहा, ‘‘ इस हार को पचा पाना मुश्किल है। लखनऊ ने आखिर में अच्छी वापसी की। यह मैच 13वें ओवर तक हमारी पकड़ में था लेकिन स्टॉयनिस ने मैच हमसे छीन लिया। जीत का श्रेय उन्हें देना होगा।’’
ओस के कारण गेंदबाजों को मुश्किल
उन्होंने कहा, ‘‘ इस हार में ओस की बहुत बड़ी भूमिका रही। इससे हम स्पिनरों का इस्तेमाल नहीं कर सके। लेकिन ये खेल का हिस्सा है और इन चीजों पर आपका नियंत्रण नहीं होता है।’’ उन्होंने अपनी टीम के स्कोर का बचाव करते हुए कहा, ‘‘ पहले बल्लेबाजी करते हुए हम इससे बड़े स्कोर की अपेक्षा नहीं कर सकते थे। लेकिन मुझे व्यक्तिगत तौर पर यही लग रहा था कि हमने पर्याप्त स्कोर नहीं बनाया है । लखनऊ को बेहतर बल्लेबाजी का श्रेय दिया जाना चाहिये।’’
