स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पहला टेस्ट मैच जीतने के बाद जोश से भरी दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट के पहले दिन चैंपियन वाली शुरुआत की। कगिसो रबाडा और मार्को यानसन की घातक गेंदबाजी के आगे बांग्लादेश की पहली पारी 91 रन पर सिमट गई। रबाडा ने 9 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि यानसन ने 10.3 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट चटकाए। एनरिक नॉर्खिया ने छह ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और बांग्लादेश की पूरी टीम 33.3 ओवर में ही ढेर हो गई।
साउथ अफ्रीका बनाम बांग्लादेश दूसरा टेस्ट मैच।
टी ब्रेक के समय तक मेहमान टीम 27 ओवर में 85 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद बांग्लादेश की पहली पारी केवल 6.3 ओवर और चली, जिसमें उन्होंने महज छह रन के भीतर अपने आखिरी चार विकेट खो दिए।
बारिश के कारण सुबह का सत्र धुल जाने से खेल की शुरुआत में देरी हुई। टॉस चार घंटे की देरी से हुआ और बाकी बचे दो सत्रों में कुल 50.3 ओवर फेंके गए। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के ओपनर्स एडेन मार्करम और मार्केस एकरमैन ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े।
साउथ अफ्रीका ने गंवाया एक विकेट
चोटिल टेम्बा बावुमा की जगह कप्तानी कर रहे मार्करम ने 21 रन बनाए, जिसके बाद वे विकेट के पीछे कैच आउट हो गए। दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका ने 17 ओवर में 1 विकेट पर 88 रन बना लिए थे और वे पहली पारी में बांग्लादेश से तीन रन पीछे हैं। खेल खत्म होने के समय एकरमैन 53 गेंद पर 46 रन बनाकर नाबाद थे और उनके साथ जुबैर हमजा (9 रन, नाबाद) क्रीज पर थे।
अफ्रीकी गेंदबाजों ने नमी का उठाया फायदा
बादल छाए रहने और नमी वाली पिच पर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने अपने ओपनर तंजीद हसन को 3 रन के स्कोर पर खो दिया। यानसन की गेंद पर वे फर्स्ट स्लिप में कैच आउट हुए। महफिजुल इस्लाम (23) और मोमिनुल हक (18) ने दूसरे विकेट के लिए 37 रन जोड़े, लेकिन फिर नॉर्खिया ने बांग्लादेश को बड़ा झटका दिया। इस्लाम बोल्ड हो गए और दो गेंदों बाद कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (4) भी बोल्ड हो गए।
नॉर्खिया ने तीन गेंदों में दो विकेट लेकर बांग्लादेश का स्कोर 44-3 कर दिया। वियान मुल्डर ने मोमिनुल हक (18) को बोल्ड किया, जबकि यानसन ने वापसी करते हुए लिटन दास को आउट किया। लिटन दास 8 रन बनाकर गली में कैच आउट हुए, उस समय 25.4 ओवर में बांग्लादेश का स्कोर 73-5 था। इस स्थिति में धैर्य की जरूरत थी, लेकिन पहले टेस्ट मैच के शतकवीर तौहीद हृदय ने साइमन हार्मर पर हमला बोला और दो चौके व एक छक्का जड़ा। चाय के ब्रेक से ठीक पहले, हार्मर ने उन्हें आउट कर दिया।
रबाडा-यानसन की घातक गेंदबाजी
टॉप-ऑर्डर को ध्वस्त करने के बाद, प्रोटियाज ने बहुत कम समय में बाकी बचे बल्लेबाजों को भी आउट कर दिया। चाय के बाद रबाडा ने तीन ओवर में सिर्फ एक रन देकर तीन विकेट लिए। इससे पहले, अपने पहले स्पेल के छह ओवरों में उन्होंने 22 रन दिए थे और कोई विकेट नहीं लिया था। शोरिफुल इस्लाम (2) मिड-ऑफ पर कैच आउट हुए और फिर नौ गेंदों के बाद जाकर अली (1) LBW आउट हो गए। तस्कीन अहमद 2 रन बनाकर कैच आउट हुए और इसके बाद यानसन ने खालिद अहमद को शून्य पर आउट करके बांग्लादेश की पारी को समेट दिया।
