AUS vs WI: वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मुकाबला 20 जुलाई को खेला जाएगा। यह मुकाबला सबीना पार्क जमैका में खेला जाएगा। यह सीरीज आंद्रे रसेल के लिए विदाई वाला सीरीज है, लेकिन एक अन्य कारण है जिसने इसे खास बना दिया है। दरअसल इस सीरीज में क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी टूटने वाला है। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रन बनाने के मामले में गेल फिलहाल वेस्टइंडीज के लिए दूसरे नंबर पर हैं। लेकिन उनका यह रिकॉर्ड टूटने वाला है।
क्रिस गेल (साभार-x icc)
पूर्व कप्तान रोवमैन पॉवेल के पास क्रिस गेल को पछाड़कर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी टीम के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने का मौका है और वह इससे केवल 25 रन दूर हैं। टेस्ट सीरीज में आस्ट्रेलिया के हाथों 0-3 से क्लीन स्वीप झेलने के बाद वेस्टइंडीज की टीम टी-20 मैच में अपनी गलती सुधारना चाहेगा।
वर्तमान में, पॉवेल टी20आई में अपनी टीम के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 95 मैचों और 83 पारियों में 26.40 की औसत और 142 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 1,875 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और नौ अर्धशतक हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 107 है। गेल 79 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 75 पारियों में 27.92 की औसत और 137.50 के स्ट्राइक रेट से 1,899 रन बनाकर दूसरे स्थान पर हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 रन है, और उन्होंने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में अपने शानदार करियर में दो शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें दो टी20 विश्व कप खिताब जीतना भी शामिल है।
इस सूची में सबसे ऊपर संन्यास ले चुके निकोलस पूरन हैं। पूरन, जिन्होंने हाल ही में 29 साल की उम्र में कई लोगों को चौंकाते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की, ने 106 मैचों और 97 पारियों में 26.14 की औसत से 2,275 रन बनाए हैं, जिसमें 13 अर्धशतक और 98 का सर्वश्रेष्ठ स्कोर शामिल है। उनका स्ट्राइक रेट 136.39 है।
