Rohit Sharma Angry On Shubman Gill, IND vs AFG 1st T20: भारत और अफगानिस्तान के बीच मोहाली में खेले गए तीन मैचों की सीरीज के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) 13 महीने बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे थे। मैच में अफगानिस्तान द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने की जब शुरुआत ही हुई थी, तभी रोहित शून्य पर रन-आउट हो गए और इसकी बड़ी वजह बने शुभमन गिल (Shubman Gill) जिस कारण से हिटमैन मैदान पर ही गिल पर भड़क उठे।
रोहित शर्मा और शुभमन गिल (screengrab-BCCI)
मोहाली में भारत ने टॉस जीतने के बाद अफगानिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानी टीम ने 5 विकेट खोकर 158 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब देने उतरी टीम इंडिया के लिए रोहित शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग करने उतरे। पारी की दूसरी ही गेंद पर रोहित शर्मा ने एक ड्राइव खेला जिस पर गेंद सीधे मिडऑफ दिशा में खड़े फील्डर की तरफ गई।
रोहित शर्मा शॉट खेलते ही रन के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने शुभमन गिल को रन के लिए आवाज दी लेकिन गिल उस समय गेंद को देख रहे थे। तब तक रोहित शर्मा पूरी रफ्तार के साथ दूसरे छोर पर पहुंच चुके थे, दोनों बल्लेबाज गेंदबाजी छोर पर थे और फील्डर ने विकेटकीपर की तरफ गेंद फेंकते हुए रोहित शर्मा को रन-आउट कर दिया। रोहित शर्मा सीधे पवेलियन की तरफ बढ़ने लगे लेकिन जाते-जाते वो शुभमन गिल पर बहुत भड़के। यहां देखिए उस पल का वीडियो..
इसके बाद रोहित शर्मा पवेलियन में अकेले बैठे नजर आए और काफी गुस्से में थे, उनका रिएक्शन भी कैमरे में कैद हुआ। हालांकि शुभमन गिल ने 23 रन बनाए और तिलक वर्मा (26) के साथ पारी को संभाला।
इन दोनों के आउट हो जाने के बाद शिवम दुबे (नाबाद 60) ने मैच जिताऊ पारी खेली। इस दौरान जितेश शर्मा (31) और रिंकू सिंह (नाबाद 16) के साथ शिवम ने अच्छी साझेदारियों को भी अंजाम दिया और 17.3 ओवर में टीम इंडिया ने 6 विकेट से जीत दर्ज करके सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। सीरीज का दूसरा टी20 मैच 14 जनवरी को खेला जाएगा।
