क्रिकेट

IND vs AUS: इतिहास रचने से 8 कदम दूर रोहित, बन जाएंगे वनडे के सबसे बड़े सिक्सर किंग

Rohit Sharma Will Create History: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और अपने जमाने के विस्फोटक बल्लेबाज शाहिद अफरीदी, जो दुनिया भर में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर रहे, अब भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के निशाने पर हैं। आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।

Image

रोहित शर्मा (फोटो- AP)

Rohit Sharma Will Create History: भारतीय टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की दहलीज पर खड़े हैं। 19 अक्टूबर से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में रोहित के निशाने पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और अपने जमाने के आक्रामक बल्लेबाज शाहिद अफरीदी का वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड है।

8 छक्के और इतिहास

वनडे क्रिकेट में 'सिक्सर किंग' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा इस समय सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे पायदान पर हैं। इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज़ में सिर्फ 8 छक्के लगाने की जरूरत है।

शाहिद अफरीदी ने अपने 398 मैचों के वनडे करियर में 351 छक्के जड़े हैं, यह रिकॉर्ड लंबे समय से कायम है। वहीं, रोहित शर्मा अब तक 273 मैचों की 265 पारियों में 344 छक्के लगा चुके हैं। यदि रोहित यह आंकड़ा पार कर लेते हैं, तो वह न केवल अफरीदी को पीछे छोड़ देंगे, बल्कि सबसे कम पारियों में यह उपलब्धि हासिल करने वाले बल्लेबाज भी बन जाएंगे। भारतीय क्रिकेट प्रशंसक बेसब्री से चाहेंगे कि 'हिटमैन' रोहित इस दौरे पर यह ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करें।

आंकड़ों में रोहित का दबदबा

रोहित शर्मा का वनडे करियर हमेशा ही रिकॉर्ड्स से भरा रहा है। उन्होंने 273 मैचों की 265 पारियों में 11,168 रन बनाए हैं। उनके नाम 32 शतक और 58 अर्धशतक दर्ज हैं, जिसमें वनडे की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी 264 रन की है। इसके अलावा, रोहित दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं जिन्होंने वनडे में तीन दोहरे शतक जड़े हैं। ऑस्ट्रेलिया की तेज पिचों पर उनकी आक्रामक बल्लेबाजी भारतीय टीम को मज़बूत शुरुआत देने में महत्वपूर्ण होगी।

युवा कप्तान और अनुभवी खिलाड़ियों का संगम

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह बहुप्रतीक्षित वनडे सीरीज 19 अक्टूबर को पर्थ स्टेडियम में शुरू होगी। इसके बाद 23 अक्टूबर को एडिलेड ओवल और 25 अक्टूबर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में अगले दो मुकाबले खेले जाएंगे।यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि भारतीय टीम युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के नए वनडे कप्तान के नेतृत्व में उतरेगी। गिल, जो अब तक टेस्ट टीम की कप्तानी संभाल रहे थे, अब सीमित ओवरों के प्रारूप में भी टीम की कमान संभालेंगे। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों की करीब छह महीने बाद वनडे टीम में वापसी से युवा कप्तान को जबरदस्त मजबूती मिली है। इन अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम का संतुलन और ड्रेसिंग रूम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।रोहित के लिए यह सीरीज़ सिर्फ एक रिकॉर्ड तोड़ने का अवसर नहीं है, बल्कि यह ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर भारतीय टीम के लिए अपनी बादशाहत साबित करने का एक अहम मौका भी है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article