ऋषभ पंत ने रचा इतिहास, बने इंग्लैंड दौरे पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज

भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान और धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इंग्लैंड के खिलाफ उसके घर पर एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में न्यूजीलैंड के टॉम ब्लंडेल का रिकॉर्ड तोड़ा।

लंदन: भारतीय टेस्ट टीम के नए उपकप्तान ऋषभ पंत इंग्लैंड दौरे पर शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। दौरे की शुरुआत लीड्स टेस्ट की दोनों पारियों में शतक के साथ की। इसके बाद उनका बर्मिंघम और लॉर्ड्स में भी चला। लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में विकेटकीपिंग करते हुए पंत चोटिल हो गए थे। उनके बल्लेबाजी करने पर संदेह था लेकिन पंत ने हिम्मत नहीं हारी और चोटिल उंगली के साथ बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने केएल राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की और इस दौरान 86 गेंद में अपना अर्धशतक 7 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। पंत लॉर्ड्स में शतक जड़ने से चूक गए और बेन स्टोक्स के सटीक थ्रो पर रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 74(112) रन बनाए। इस दौरान 8 चौके और 2 छक्के जड़े। पंत ने टीम को 3 विकेट पर 107 रन से 4 विकेट पर 248 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। राहुल और पंत 141 (198) के बीच 141 रन की साझेदारी हुई।

Rishabh Pant

ऋषभ पंत (फोटो क्रेडिट AP)

इंग्लैंड के खिलाफ एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन

पंत ने अपनी 74 रन की पारी के दौरान इंग्लैंड दौरे पर एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विदेशी विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने न्यूजीलैंड के टॉम ब्लंडेल का तीन साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। पंत मौजूदा सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ अबतक खेले 3 टेस्ट की 5 पारियों में 83.20 के औसत से 416 रन बना चुके हैं। जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। 134 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। सीरीज में अबतक पंत 44 चौके और 15 छक्के जड़ चुके हैं। वहीं ब्लंडेल ने साल 2022 में 6 पारियों में 383 रन बनाए थे। इस सूची में तीसरे पायदान पर ऑस्ट्रेलिया के वेन फिलिप्स हैं। फिलिप्स ने साल 1985 में 11 पारी में 350 रन इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज में बनाए थे।

End of Feed