Virat Kohli to complete 250 IPL Matches for RCB: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाज विराट कोहली मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 सीज़न के अपने 13वें मैच के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने के लिए तैयार हैं। विराट कोहली आईपीएल इतिहास में 250 मैचों में किसी एक फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व करने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।
विराट कोहली (फोटो- AP)
बेंगलुरु की टीम आईपीएल 2024 के 62वें मैच में रविवार को अपने घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में ऋषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी। ये मैच दोनों ही टीमों के लिए जीतना बेहद जरूरी है। आरसीबी अगर ये मैच हार जाती है तो वे प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी हार उनके टूर्नामेंट से बाहर होने के रास्ते खोल सकती है।
धोनी-रोहित के खास क्लब में शामिल होंगे विराट
विराट कोहली आईपीएल के इतिहास में 250 मैच खेलने वाले चौथे क्रिकेटर बन जाएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी, मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और आरसीबी के विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक इससे पहले ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
लंबे समय से आरसीबी से जुड़े विराट
35 वर्षीय बल्लेबाज 250 मैचों में किसी एक फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व करने वाले पहले क्रिकेटर बन जाएंगे। विराट आईपीएल की शुरुआत से ही आरसीबी का हिस्सा हैं। उन्हें आरसीबी ने 20 लाख रुपये में खरीदा था। उन्होंने अपने डेब्यू सीज़न में 13 मैचों में 15.00 की औसत और 105.10 की स्ट्राइक रेट से 165 रन बनाए।
