आईपीएल 2026 में अगर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम अपने होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी में मैच खेल पाएगी तो इसके पीछे कर्नाटक सरकार, कर्नाटक क्रिकेट संघ और आरसीबी के टीम मैनेजमेंट का सामूहिक प्रयास है। पिछले सीजन विक्ट्री परेड के दौरान हुए भगदड़ में 11 लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी। इस दुखद घटना के बाद दोबारा चिन्नास्वामी में मैच करा पाना टेढ़ी खीर थी, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने सरकार और बोर्ड से सपोर्ट से इसे सच में बदला। इस दौरान चिन्नास्वामी मे क्या-क्या बदलाव किए गए, इसको लेकर आरसीबी के सीईओ ने विस्तार से जानकारी दी।
एम चिन्नास्वामी (साभार-X)
मंगलवार को हुए प्री-प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजेश मेनन ने बताया कि फ्रेंचाइजी ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के अंदर और आसपास भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए करीब सात करोड़ रुपये का निवेश किया। यह कदम पिछले वर्ष चार जून 2025 को टीम के आईपीएल खिताब जश्न के दौरान स्टेडियम के पास हुई भगदड़ में 11 प्रशंसकों की मौत के बाद उठाया गया है। इस घटना के बाद आरसीबी और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) को सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने के लिए बाध्य होना पड़ा था।
स्टेडियम में लगे एआई आधारित कैमरे
मेनन ने कहा, "हमने भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए लगभग सात करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जिसमें कई बैगेज स्कैनर और कमांड सेंटर शामिल हैं।" मेनन ने बताया, "हमने भीड़ प्रबंधन के उपायों को काफी मजबूत किया है। पूरे स्टेडियम, कॉन्कोर्स और आसपास के क्षेत्रों में एआई-आधारित सीसीटीवी प्रणाली लगाई गई है, जो ’जार्विस’ नामक एआई टूल से संचालित है।"
किस स्टैंड में कितने दर्शक?
उन्होंने कहा कि यह प्रणाली ’रियल-टाइम’ अलर्ट देती है, जिसमें प्रत्येक दीर्घा में मौजूद दर्शकों की संख्या की जानकारी शामिल होती है। इससे निगरानी और नियंत्रण बेहतर होगा। इन सीसीटीवी फुटेज तक पुलिस आयुक्त कार्यालय की भी सीधी पहुंच होगी।
हमने पूरे किए सारे मानक (SOP)
मेनन के अनुसार, "फ्रेंचाइजी ने कर्नाटक सरकार और उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पालन किया है।" उन्होंने कहा, "चार जून के बाद से यह लंबी प्रक्रिया रही है और सभी कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए गए हैं। हमने अदालत द्वारा निर्धारित एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) का पूरी तरह पालन किया है।"
अब मेन रोल में कर्नाटक क्रिकेट संघ
उन्होंने स्टेडियम संचालन के संशोधित ढांचे की जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड, केएससीए और आरसीबी के बीच नए समझौते के तहत राज्य संघ मुख्य आयोजक की भूमिका निभाएगा और आपातकालीन योजनाओं सहित सभी एसओपी को लागू करेगा। इससे पहले आयोजन की पूरी जिम्मेदारी फ्रेंचाइज़ी की होती थी और केएससीए केवल स्थल प्रदाता (वेन्यू प्रोवाइडर) के रूप में कार्य करता था।
गेट पर नहीं जमा हो सकेगी भीड़
मेनन ने कहा कि स्टेडियम में प्रवेश और निकास व्यवस्था को भी नया रूप दिया गया है ताकि गेट पर भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। मैच के दिन टिकट धारकों को मेट्रो सेवा का उपयोग करने की सुविधा दी जाएगी, पार्किंग पहले से बुक की जा सकेगी और सभी गेट मैच शुरू होने से चार घंटे पहले खोल दिए जाएंगे।
मौजूदा आईपीएल में डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी इस स्टेडियम में पांच मुकाबले खेलेगी, जिसकी शुरुआत शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उद्घाटन मैच से होगी।
