ये तो बस शुरुआत है, अश्विन ने की भविष्यवाणी-क्रिकेट जगत में तहलका मचा देगा यह बल्लेबाज

भारत-पाकिस्तान मैच एक ऐसा मंच होता है जो एक दिन भी किसी खिलाड़ी को सुपरस्टार बना देता है। सुपर-फोर के पहले मुकाबले में भी ऐसा ही हुआ जब पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान चर्चा में रहे तो दूसरी तरफ अभिषेक ने बल्ले से जवाब दिया है।

पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक शर्मा की शानदार पारी ने पूर्व दिग्गज खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन और केविन पीटरसन को आश्चर्यचकित कर दिया। भारतीय ऑफ स्पिनर ने तो यहां तक कह दिया है कि यह युवा खिलाड़ी ‘भारत के लिए सीमित ओवरों के क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक’ बन जाएगा। अभिषेक की 39 गेंद पर 74 रन की ताबड़तोड़ पारी से भारत ने रविवार को एशिया कप के सुपर चार चरण के मुकाबले में पाकिस्तान को आसानी से छह विकेट से मात दी। अभिषेक ने इस पारी में धैर्य और आक्रमण का शानदार मिश्रण दिखाते हुए कमाल के शॉट लगाये।

Ravichandran Ashwin

रविचंद्रन अश्विन (साभार-X)

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘मैं आपको बताना चाहता हूं कि यह अभिषेक शर्मा का आगमन नहीं है। यह तो बस शुरुआत है। उसने अभी-अभी शुरू किया है और उसका भविष्य बहुत लंबा है। वह क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचाने जा रहा है।’’ अश्विन ने 23 साल के अभिषेक की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपने गुरु युवराज सिंह की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘यह बात लिख लीजिए। उनमें बहुत क्षमता है। जिस तरह से युवराज सिंह सीमित ओवरों में भारत के लिए सबसे शानदार खिलाड़ियों में से एक रहे हैं अभिषेक के पास भी सीमित ओवरों के प्रारूप में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनने की क्षमता है। वह उस स्तर तक आसानी से पहुंच सकते हैं। मुझे लगता है कि वह युवराज की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। वह एक अद्भुत प्रतिभा हैं।’’

End of Feed