भारत के अनुभवी खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन के खेल के समापन पर मैदान अंपायर मराइस इरास्मस के साथ बहस करते हुए देखा गया। उनकी बहस का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। दरअसल दिन के आखिरी ओवरों के बीच अश्विन मैच में नाबाद शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल से लंबी बातचीत कर रहे थे और इस पर आपत्ति जताते हुए जिम्बाब्वे के इस अनुभवी अंपायर ने उन्हें इसके लिये टोका। अंपायर से अश्विन के बहस का यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रविचंद्रन अश्विन (साभार-AP)
अश्विन हमेशा से अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। यही कारण है कि कोच राहुल द्रविड़ के साथ साथी खिलाड़ी भी उनकी टांग खींचने में पीछे नहीं रहते। हाल ही में जब अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने सुपर ओवर के आखिरी गेंद में खुद को रिटायर्ड हर्ट किया तो एक बार फिर कोच को अश्विन की याद आ गई थी।
विशाखापट्टनम टेस्ट की बात करें तो पहले दिन भारत ने मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। भारत ने जायसवाल की नाबाद 179 रन की पारी के दम पर स्टंप्स तक छह विकेट पर 336 रन बना लिये। दिन का खेल खत्म होते समय अश्विन पांच रन पर नाबाद थे। मैच में पदार्पण कर रहे रजत पाटीदार से दिन के खेल के बाद मीडिया बातचीत में अंपायर के साथ अश्विन की बातचीत के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता है। पारी में 72 गेंदों में 32 रन बनाने वाले पाटीदार ने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि बातचीत किस बारे में थी।’’
