भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे धाकड़ बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे का खराब फॉर्म रणजी ट्रॉफी 2023-24 में बदस्तूर जारी है। लगातार दूसरे मुकाबले में रहाणे अपना खाता नहीं खोल सके और केरल के खिलाफ पहली ही गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। केरल के खिलाफ मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस फैसले को जल्दी ही बासिल थंपी ने गलत साबित कर दिया। पारी की पहली दो गेंद पर थंपी ने जय बिस्ट और कप्तान रहाणे को आउट करके केरल को शानदार शुरुआत दिलाई। रहाणे विकेट के पीछे विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों लपके गए।
अजिंक्य रहाणे
आंध्र प्रदेश के खिलाफ भी नहीं खोल पाए थे खाता
आंध्र प्रदेश के खिलाफ पिछले मुकाबले में भी रहाणे अपना खाता नहीं खोल सके थे और पहली गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौट गए थे। हालांकि उस मुकाबले को मुंबई ने 10 विकेट से अपने नाम किया था। बिहार के खिलाफ पटना में सीजन के पहले मुकाबले में रहाणे नहीं खेल सके थे। इसके बाद लगातार दो मुकाबले में उनका खाता नहीं खुल सका। मौजूदा सीजन में रहाणे अबतक कोई रन नहीं बना सके हैं।
100 टेस्ट खेलना है रहाणे का सपना
खराब फॉर्म की वजह से भारतीय टेस्ट टीम से बाहर होने वाले रहाणे ने हाल ही में कहा था कि उनका सपना 100 टेस्ट खेलना है। रहाणे को पिछले सीजन मुंबई की कप्तानी सौंपी गई थी। 2015-16 के बाद मुंबई की टीम रणजी ट्ऱॉफी खिताब नहीं जीत सकी है।
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए नहीं मिला मौका
इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही पांच मैच की टेस्ट सीरीज के पहले दो टेस्ट के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। टीम में रहाणे और पुजारा दोनों को जगह नहीं मिली है। रणजी ट्रॉफी के पहले ही मुकाबले में दोहरा शतक जड़कर पुजारा ने तो अपनी दावेदारी पेश कर दी थी लेकिन रहाणे का हाल अभी भी बेहाल है। लगातार दो गोल्डन डक ने उनके लिए मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ऐसे में उनकी भारतीय टीम में वापसी अब नामुमकिन होती जा रही है।
