स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल, श्रीलंका सीरीज के नायक देवदत्त पडिक्कल और अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को चेन्नई में 6 सितंबर से शुरू होने वाले दलीप ट्रॉफी फाइनल में ईस्ट जोन के खिलाफ साउथ जोन की ओर से खेलने के लिए कहा गया है। माना जा रहा है कि साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा, उभरते हुए स्टार वैभव सूर्यवंशी और विकेटकीपर ईशान किशन का खेलना भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर की मंजूरी पर निर्भर करेगा। ये सभी टी20I टीम का हिस्सा हैं।
श्रीलंका टेस्ट के दौरान राहुल और देवदत्त। फोटो- BCCI
पीटीआई ने एक सूत्र के हवाले से लिखा, राहुल, पडिक्कल और सिराज अभी कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं। राष्ट्रीय चयनकर्ता चाहते हैं कि जो भी भारतीय खिलाड़ी उपलब्ध हो, वह दलीप ट्रॉफी फाइनल खेले। इन तीनों ने आखिरी बार 27 अगस्त को मैच खेला था। अब वे 27 सितंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मैच खेलेंगे। अब पडिक्कल वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए हो सकता है कि वह भारत ए सीरीज खेलें। लेकिन अगर उन्हें दलीप ट्रॉफी के फाइनल में खेलने का मौका मिलता है, तो उन्हें खेलना चाहिए।
गंभीर करेंगे फैसला
हालांकि, पीटीआई ने सूत्र के हवाले से आगे लिखा कि वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और तिलक वर्मा के दलीप ट्रॉफी के फाइनल में हिस्सा लेने का फैसला कोच गौतम गंभीर करेंगे। सूत्र ने कहा, भारतीय टीम 9 या 10 सितंबर को दिल्ली में जुटेगी। अगर मुख्य कोच चाहते हैं कि तीनों टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम के कार्यक्रम के हिसाब से रिपोर्ट करें तो वे नहीं खेल पाएंगे, लेकिन अगर मुख्य कोच चाहते हैं कि वे फाइनल खेलें और 10 सितंबर की देर शाम दिल्ली में रिपोर्ट करें तो वे ऐसा भी कर सकते हैं।
अगले महीने समाप्त होगा अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट
वहीं, पारिवारिक वजहों से बीसीसीआई की अहम समीक्षा बैठक में शामिल नहीं हो पाने के बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कार्यकाल को आगे बढ़ाने को लेकर स्थिति साफ नहीं हुई है। फिर भी अगरकर दलीप ट्रॉफी का फाइनल देखने के लिए चेन्नई में होंगे। अगरकर का अनुबंध चार अक्टूबर को खत्म हो रहा है और यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने के मामले पर उनसे बात करते हैं या नहीं।
