क्रिकेट

Anvay Dravid: राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय की बड़ी छलांग, बने इस टीम के कप्तान

राहुल द्रविड़ के लिए आज का दिन उस वक्त खास हो गया जब विनू मांकड़ अंडर-19 कर्नाटक टीम का ऐलान किया गया। इस टीम की कमान उनके छोटे बेटे अन्वय को दी गई। पिता के नक्शेकदम पर चल रहे अन्वय भी विकेटकीपिंग करते हैं।

Image

राहुल द्रविड़ (साभार-X)

राहुल द्रविड़ के बेटे समित और अन्वय दोनों पिता राहुल द्रविड़ के नक्शेकदम पर हैं। क्रिकेट में अपने-अपने लेवल पर दोनों आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। समित ने 2024 में भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम में जगह बनाई थी। हालांकि, चोट के कारण वह डेब्यू नहीं कर पाए। लेकिन अब जो खबर सामने आई है, उसने द्रविड़ को खुश होने का एक अच्छा कारण दिया होगा। अक्सर अपनी भावनाओं को छिपाकर रखने वाले द्रविड़ यूं तो कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे, लेकिन एक पिता के तौर पर उनके लिए यह निश्चित तौर पर गर्व के पल हैं।

दरअसल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय को वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए कर्नाटक अंडर-19 टीम का कप्तान बनाया गया है। अन्वय अपने पिता की तरह विकेटकीपर हैं और उनके बड़े भाई समित एक बैटिंग ऑलराउंडर हैं। अन्वय ने 2024 में कर्नाटक के लिए अंडर-16 क्रिकेट खेला था। उन्होंने छह मैचों की 8 पारियों में 459 रन बनाए थे। लेकिन अब वह अंडर-19 क्रिकेट में स्टेट टीम का नेतृत्व करेंगे।

अंडर-19 कर्नाटक टीम: अन्वय द्रविड़ (कप्तान), नितीश आर्य, आदर्श, एस मणिकांत, प्रणीत शेट्टी, वासव वेंकटेश, अक्षत प्रभाकर, सी. वैभव, कुलदीप सिंह पुरोहित, रथन बीआर, वैभव शर्मा, केए तेजस, अथर्व मालविया, सनी कांची, रेहान मोहम्मद।

इसके अलावा आगामी रणजी ट्रॉफी में मयंक अग्रवाल कर्नाटक टीम की कमान संभालेंगे। पिछले कुछ वर्षों से वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं।

कर्नाटक की इस टीम में करुण नायर भी शामिल हैं, जिन्होंने इंग्लैंड दौरे के बाद टीम में वापसी की। नायर 2023 में विदर्भ में शामिल हुए थे। नायर को वेस्टइंडीज़ सीरीज़ के लिए टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया था और उन्हें भारत ए टीम में भी मौका नहीं मिला था।

रणजी में कर्नाटक की टीम-: मयंक अग्रवाल (कप्तान), करुण नायर, आर स्मरण, केएल श्रीजीत, श्रेयस गोपाल, विजयकुमार वैशाक, विद्वथ कावेरप्पा, अभिलाष शेट्टी, एम वेंकटेश, निकिन जोस, अभिनव मनोहर, क्रुथिक कृष्णा, केवी अनीश, मोहसिन खान, शिखर शेट्टी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article