आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में अफगानिस्तान के रहमत शाह ने रचा इतिहास, टॉप-10 में भारत के दो बल्लेबाज

आईसीसी द्वारा जारी ताजा टेस्ट रैंकिंग में अफगानिस्तान के टेस्ट कप्तान रहमत शाह ने इतिहास रच दिया है। वो टेस्ट क्रिकेट की किसी भी श्रेणी में टॉप-10 में शामिल होने वाले पहले अफगानी खिलाड़ी बन गए हैं।

दुबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नवीनतम टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में विकेटकीपर ऋषभ पंत और कप्तान शुभमन गिल शीर्ष 10 में शामिल भारतीय बल्लेबाज हैं। पंत (713 रेटिंग अंक) आठवें और गिल (697) दसवें नंबर पर हैं। ये दोनों नवीनतम सूची में एक पायदान नीचे खिसके हैं। एक अन्य भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 13वें स्थान पर हैं। टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में पहले दो स्थान पर इंग्लैंड के हैरी ब्रूक और जो रूट हैं। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड, दक्षिण अफ्रीका के तेम्बा बावुमा और स्टीव स्मिथ का नंबर आता है।

Rahmat Shah

रहमत शाह (फोटो क्रेडिट ACB Media X)

आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में टॉप-10 में जगह बनाने वाले पहले अफगानी

इस बीच अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह आईसीसी टेस्ट खिलाड़ियों की रैंकिंग की किसी भी श्रेणी में शीर्ष 10 में जगह बनाने वाले अपने देश के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। रहमत ने शारजाह में अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच में 173 रन की शानदार पारी खेली थी जिससे वह टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में छह स्थान ऊपर सातवें स्थान पर पहुंच गए जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। यह रहमत के करियर का पांचवां टेस्ट शतक था जिसके दम पर यह 33 वर्षीय खिलाड़ी गिल, दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज एडन मारक्रम और श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस से ऊपर पहुंच गए हैं।

End of Feed