वर्ल्ड कप 2023 से पहले साउथ अफ्रीका के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डीकॉक ने एक बड़ी घोषणा की है। इस घोषणा से क्रिकेट फैंस को भारी धक्का लगा है खासतौर से साउथ अफ्रीका के फैंस इस बात से बिल्कुल खुश नहीं होंगे। दरअसल साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डीकॉक ने घोषणा की है कि वर्ल्ड कप के बाद वह वनडे क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। डीकॉक ने पिछले साल दिसंबर में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन अब उनका यह फैसला चौंकाने वाला है।
क्विंटन डीकॉक और तेंबा बावुमा (साभार-ICC)
क्विंटन डीकॉक का क्रिकेट करियर
30 साल के डीकॉक के लिए यह तीसरा वर्ल्ड कप होगा। इससे पहले वह 2015 और 2019 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका की टीम का हिस्सा रह चुके हैं, जहां उन्होंने 17 मैच में 30 की औसत से 450 रन बनाए थे। डीकॉक के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2013 में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने साउथ अफ्रीका के लिए 140 वनडे मैच में 44.85 की औसत और 96.08 की स्ट्राइक रेट से 5,966 रन बनाए हैं।
इसमें उनके नाम 17 सेंचुरी और 29 हाफ सेंचुरी है। डीकॉक ने 8 मैच में अपनी टीम की कप्तानी भी की है, जिसमें से चार में उसे जीत मिली है और 3 में हार का सामना करना पड़ा है।
