लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य भले ही 7 रन से अपना शतक चूक गए, लेकिन उन्होंने अपनी विस्फोटक पारी से पंजाब किंग्स की एक और जीत की नींव रख दी। प्रियांश आर्य ने 37 गेंद में 4 चौके और 9 छक्कों के दम पर 93 रन की तूफानी पारी खेली। प्रियांश ने ऑस्ट्रेलिया के युवा ऑलराउंडर कूपर कॉनली के साथ दूसरे विकेट के लिए केवल 80 गेंज में 182 रन की साझेदारी की। यह पंजाब किंग्स की इस सीजन में सबसे बड़ी साझेदारी थी।
प्रियांश आर्य (साभार-X)
प्रियांश ने 19 गेंद में जड़ा अर्धशतक
प्रियांश आर्य ने अपना अर्धशतक केवल 19 गेंद में पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने 20 से कम गेंद में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। प्रियांश ने इससे पहले उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 19 गेंद में और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 16 गेंद में हाफ सेंचुरी बनाई थी।
टूट गया केएल राहुल का रिकॉर्ड
इससे पहले पंजाब किंग्स के लिए यह कारनामा केएल राहुल के नाम था, जिन्होंने दो बार 20 गेंद से कम में अर्धशतक जड़ा था। राहुल ने 2018 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 14 गेंदों में और 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 19 गेंदों में अर्धशतक बनाया था।
पंजाब किंग्स के लिए प्रियांश आर्य
इस पारी के साथ ही प्रियांस ने इस सीजन पंजाब किंग्स के लिए पांच पारी में 42.20 की औसत और 248.23 के स्ट्राइक रेट से 211 रन बना लिए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने इस सीज़न में 14 चौके और 20 छक्के लगाए हैं। आईपीएल की बात करें तो उनके नाम 22 मैचों में 31.18 की औसत और 196.00 के स्ट्राइक रेट से 686 रन हैं, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं।
मैच की बात करें तो, एलएसजी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पंजाब ने प्रभासिमरन सिंह का विकेट जल्दी गंवा दिया, जिसके बाद प्रियांश (37 गेंदों में 93 रन, चार चौके और नौ छक्के) और कूपर कॉनॉली (46 गेंदों में 87 रन, आठ चौके और सात छक्के) की 182 रनों की साझेदारी ने एलएसजी के गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर दिया। मार्कस स्टोइनिस (16 गेंदों में 29* रन, दो चौके और दो छक्के) और शशांक सिंह (छह गेंदों में 17* रन, एक चौका और एक छक्का) की छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारियों की बदौलत पंजाब ने 20 ओवरों में 254/7 का स्कोर बनाया।
