लंदन: टीम इंडिया के युवा तेज़ गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के तीसरे और निर्णायक वनडे में 10 ओवर में 69 रन देकर 2 विकेट चटकाए। इंग्लैंड ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 3 विकेट खोकर 387 रन बनाए। बुमराह की गैरमौजूदगी में कृष्णा भारतीय टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने स्पेल में दो ओवर मेडन भी डाले। उन्होंने जैकब बेथेल (91) और कप्तान हैरी ब्रूक(14) का शिकार किया। लेकिन मैच में टीम इंडिया की वापसी कराने में नाकाम रहे।
प्रसिद्ध कृष्णा (फोटो क्रेडिट BCCI X)
शमी और सिराज को छोड़ा पीछे
अपने इस गेंदबाजी प्रदर्शन के दौरान प्रसिद्ध कृष्णा ने वनडे क्रिकेट में 50 विकेट पूरे कर लिए। कृष्णा वनडे में 50 विकेट चटकाने वाले तीसरे सबसे तेज भारतीय बन गए। उन्होंने इस मामले में मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज को पीछे छोड़कर जसप्रीत बुमराह की बराबरी कर ली। कृष्णा ने अपने करियर के 28वें वनडे में यह उपलब्धि हासिल की। कृष्णा से तेज गति से वनडे में 50 विकेट अजीत आगरकर और कुलदीप यादव ने चटकाए हैं। आगरकर ने करियर के 23वें और कुलदीप ने 24वें वनडे में विकेटों का अर्धशतक पूरा किया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: डकेट-बेथेल ने भारत के खिलाफ रचा इतिहास, किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड
सबसे कम गेंद में 50 विकेट विकेट चटकाने वाले चौथे भारतीय
वनडे में सबसे कम गेंद में 50 विकेट पूरे करने के मामले में भी प्रसिद्ध कृष्णा भारतीय गेंदबाजों में चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 1345 गेंद में 50वां विकेट पूरे किए हैं। सबसे कम गेंद में 50 विकेट चटकाने का भारतीय रिकॉर्ड कुलदीप यादव के नाम दर्ज है। कुलदीप यादव ने 1213 गेंद में 50 विकेट लिए थे। वहीं अजीत आगरकर ने 1242 गेंद में ये उपलब्धि हासिल की थी। इस सूची में तीसरे पायदान पर 1244 गेंद में 50 विकेट लेने के साथ मोहम्मद सिराज हैं।
