पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सोमवार को मैच रैफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पर भारत के खिलाफ एशिया कप मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उन्हें टूर्नामेंट से तुरंत हटाने की मांग की। पायक्रॉफ्ट भारत और पाकिस्तान के बीच मैच में मैच रैफरी थे जिसमें मैच खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने विरोधी टीम से हाथ नहीं मिलाया। पीसीबी ने आईसीसी के समक्ष पायक्रॉफ्ट के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है।
एंडी पायक्रॉफ्ट (साभार-ICC)
पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने एक्स पर लिखा ,‘‘ पीसीबी ने क्रिकेट की भावना से जुड़े एमसीसी के नियम और आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर मैच रैफरी के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी है । पीसीबी ने मैच रैफरी को एशिया कप से तुरंत हटाने की मांग की है ।’’ पाकिस्तान ने पहले एशियाई क्रिकेट परिषद के समक्ष मसला उठाकर भारतीय खिलाड़ियों के बर्ताव को खेलभावना के विपरीत बताया था।
पीसीबी ने इससे पहले बयान में कहा ,‘‘ टीम मैनेजर नवीद चीमा ने मैच के बाद हाथ नहीं मिलाने वाले भारतीय खिलाड़ियों के बर्ताव का कड़ा विरोध किया है । यह खेल भावना और खेल के विपरीत आचरण है । विरोध के तौर पर हमने अपने कप्तान को मैच के बाद समारोह में नहीं भेजा।’’ कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल में आतंकवादी हमले में 26 पर्यटकों की हत्या और पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर भारतीय सेना के ‘आपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच यह पहला क्रिकेट मैच था।
