PBKS vs MI Match Highlights: पंजाब किंग्स ने मुंबई को 7 विकेट से रौंदकर पहले क्वालीफायर में अपनी जगह की पक्की, एलिमिनेटर मैच खेलेगी मुंबई इंडियन्स
PBKS vs MI Match Highlights: पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियन्स को अपने आखिरी लीग मैच में 7 विकेट के अंतर से मात देकर पहले क्वालीफायर में अपनी जगह पक्की कर ली है। ऐसा रहा पंजाब और मुंबई के बीच भिड़ंत के पल पल का हाल।
Punjab kings vs Mumbai Indians Match Highlights: श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स ने पांच बार की चैंपियन मुंबई को अपने आखिरी लीग मुकाबले में 7 विकेट से मात देकर पहले क्वालीफायर में अपनी जगह पक्की कर ली है। पंजाब किंग्स मुंबई के खिलाफ जीत के बाद अंक तालिका में गुजरात टाइटन्स को पछाड़कर पहले पायदान पर पहुंच गई है। वहीं मुंबई इंडियन्स को करारी हार के बाद एलिमिनेटर मुकाबला खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। मुंबई इंडियन्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव की 39 गेंद में 57 रन की पारी की बदौलत 7 विकेट पर 184 रन बना सकी। इसके बाद जीत के लिए मिले 185 रन के लक्ष्य को पंजाब किंग्स ने प्रियांश आर्य (35 गेंद में 62 रन) और जोश इंग्लिस(42 गेंद में 73 रन) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत हासिल कर लिया। टीम को जीत की दहलीज के पार कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहुंचाया।
ऐसा है एलिमिनेटर और क्वालीफायर का गणित
पहले क्वालीफायर और एलिमिनेटर मुकाबले में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियन्स की किसके साथ भिड़ंत होगी इसका फैसला मंगलवार को आरसीबी और लखनऊ के बीच खेले जाने वाले परिणाम पर निर्भर करेगा। अगर आरसीबी इस मुकाबले में हार जाती है तो उसकी एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई से भिड़ंत होगी। वहीं पहले क्वालीफायर में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच जंग होगी। अगर आरसीबी मैच जीत जाती है को पहले क्वालीफायर में पंजाब और आरसीबी की टीमें भिडेंगी। वहीं एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात और मुंबई का आमना सामना होगा।
पंजाब किंग्स के खिलाफ टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियन्स ने सूर्यकुमार यादव की आतिशी अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट पर 184 रन का स्कोर खड़ा किया। अच्छी शुरुआत के बाद मुंबई इंडियन्स की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और अंत में 184 रन तक पहुंच सकी। सूर्या ने 39 गेंद में 57 रन की पारी खेली। मुंबई के खिलाफ जीत के लिए पंजाब किंग्स को 185 रन का लक्ष्य मिला है। इस मुकाबले में जीत पंजाब को टॉप-2 में एंट्री के करीब पहुंचा देगी। पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह, मार्को यानसेन और विजय कुमार वैशाक ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
आईपीएल 2025 के 69वें मुकाबले में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियन्स के बीच आज जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में भिड़ंत हो रही है। ये मुकाबला दोनों टीमों के टॉप-2 में जगह बनाने के लिहाज से करो या मरो का हो गया है। जो टीम ये मैच जीतेगा उसकी पहले क्वालीफायर में जगह तकरीबन पक्की हो जाएगी। जयपुर में आज यलो अलर्ट जारी किया गया है। मैच के दौरान आंधी और बारिश की आशंका है। मौसम भी जयपुर में बहुत गर्म है। ऐसे में दोनों टीमों की टक्कर प्रशंसकों के बीच उत्साह को और बढ़ाएगी। पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
पंजाब किंग्स की प्लेइंग-11: प्रियांश आर्य, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहाल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, हरप्रीत बराड़, काइल जैमीसन, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह।
मुंबई इंडियन्स की प्लेइंग-11:
रियान रिकेलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, विल जैक, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिशेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।
पंजाब और मुंबई की आईपीएल 2025 टीमें (Punjab Kings and Mumbai Indians Full Squads In IPL 2025)
पंजाब किंग्स(Punjab Kings Squad): श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, विष्णु विनोद (विकेटकीपर), जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), हरनूर पन्नू, पी. अविनाश, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, हरप्रीत बराड़, मार्को यानसेन, अजमतुल्लाह उमरजई, प्रियांश आर्य, आरोन हार्डी, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे, मिच ओवेन, अर्शदीप सिंह, वी. विजयकुमार, यश ठाकुर, कुलदीप सेन जेवियर बार्टलेट, प्रवीण दुबे, काइल जैमीसन।
मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians Squad): हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), श्रीजीत कृष्णन (विकेटकीपर), बेवोन जैकब्स, तिलक वर्मा, नमन धीर, विल जैक्स, मिचेल सेंटनर, राज अंगद बावा, रघु शर्मा, कॉर्बिन बॉश, ट्रेंट बोल्ट, कर्ण शर्मा, दीपक चाहर, अश्विनी कुमार, रीस टॉपले, वीएस पेनमेत्सा, अर्जुन तेंदुलकर, मुजीब उर रहमान, जसप्रीत बुमराह।
सवाई मानसिंह स्टेडियम जयपुर का मौसम (Sawai Mansingh Stadium Jaipur Weather Pitch Report Today)
सवाई मानसिंह स्टेडियम जयपुर के मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित सीकर, झुंझुनूं और आसपास के इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है, साथ ही आंधी और बारिश के भी आसार हैं। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ये चेतावनी शाम 7:15 PM से अगले तीन घंटे के लिए मान्य है। इसी दौरान मैच खेला जाना है।
