Razaullah Debut 9 Sixes: पाकिस्तान क्रिकेट को एजबेस्टन टेस्ट में एक नया हीरो मिल गया है। 21 साल के तेज गेंदबाज रजाउल्लाह ने अपने डेब्यू टेस्ट में बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि पूरा स्टेडियम उनके लिए खड़ा हो गया। नंबर 9 पर बल्लेबाजी करने आए इस युवा खिलाड़ी ने इंग्लैंड के धुरंधर तेज गेंदबाजों के खिलाफ निडर होकर 63 गेंदों में 81 रन ठोक दिए, जिसमें 9 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी ने एकतरफा लग रहे मैच में जान डाल दी।
पाकिस्तान के रजाउल्लाह ने डेब्यू पर मचाया धमाल (फोटो साभार- ICC)
पहले मैच में 9 छक्के लगाकर मचाया तहलका
रजाउल्लाह जब क्रीज पर आए थे, तब पाकिस्तान पर पारी से हार का खतरा मंडरा रहा था। दोनों ओपनर बिना खाता खोले आउट हो चुके थे, लेकिन शान मसूद के 95 और अजान अवैस के 59 रनों ने टीम को संभाला था। बाबर आजम ने भी 76 रन बनाए थे। इसके बाद रजाउल्लाह और मोहम्मद अब्बास ने 121 रनों की अहम साझेदारी कर इंग्लैंड के जल्दी मैच खत्म करने के मंसूबों पर पानी फेर दिया। रजाउल्लाह ने इंग्लैंड की तेज गेंदबाजी तिकड़ी जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन और जोश टंग की शॉर्ट बॉल का बेखौफ होकर सामना किया। उन्होंने सिर्फ 43 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की, जो टेस्ट डेब्यू पर किसी पाकिस्तानी बल्लेबाज की सबसे तेज हाफ सेंचुरी है। उन्होंने छक्का मारकर यह मुकाम हासिल किया।
स्टैंडिंग ओवेशन पर चेहरे पर आई मुस्कान
मैच के बाद एजबेस्टन में मिले स्टैंडिंग ओवेशन पर रजाउल्लाह के चेहरे पर बड़ी मुस्कान थी। क्रिकइन्फो के मुताबिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, "मुझे स्टैंडिंग ओवेशन बहुत अच्छा लगा। मुझे जिंदगी का मजा लेना पसंद है और मैं उस पल का आनंद ले रहा था।" अपनी आक्रामक बल्लेबाजी पर उन्होंने कहा, "मैं सोच-समझकर ही शॉर्ट गेंदों पर बड़े शॉट खेल रहा था, लेकिन वे सभी मेरी पहुंच में लग रही थीं। मुझे तेज गति से डर नहीं लगा। मैं आर्चर की हार्ड लेंथ वाली गेंदों पर कड़ा प्रहार करना चाहता था। जब आप अपने देश के लिए खेल रहे हों तो डरने की कोई बात नहीं होती।"
रजाउल्लाह को पसंद है शॉर्ट बॉल खेलना
रजाउल्लाह ने कहा, "शॉर्ट बॉल का सामना करना मुझे सबसे ज्यादा पसंद है। मुझे बस खुद पर भरोसा था। मैंने सोचा अगर मैं 50 गेंदें खेल गया तो अच्छा नतीजा मिलेगा।" उनकी इस पारी की बदौलत पाकिस्तान 449 रन पर ऑलआउट हुआ, जो इंग्लैंड के 453 रन से सिर्फ 4 रन कम था, और इंग्लैंड को जीत के लिए 130 रन का लक्ष्य मिला।
