क्रिकेट

पीसीबी ने किया ट्राइंगुलर सीरीज के वेन्यू में बदलाव, अब मुल्तान में नहीं यहां खेले जाएंगे मुकाबले

PCB ने चैंपियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच खेली जाने वाली त्रिकोणीय सीरीज के कार्यक्रम में बदलाव किया है।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड

लाहौर: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बुधवार को मुल्तान से वनडे त्रिकोणीय श्रृंखला हटाकर कराची और लाहौर में कराने का फैसला किया तथा अगले महीने होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी से पहले इन स्टेडियमों में पुनर्निर्माण कार्य में देरी की चर्चाओं को खारिज कर दिया। त्रिकोणीय श्रृंखला में दो अन्य टीम दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड हैं और यह 19 फरवरी से कराची में शुरू होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी प्रतियोगिता है।

त्रिकोणीय सीरीज के कार्यक्रम में हुआ बदलाव

पीसीबी ने कहा कि चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियां जोरों पर हैं और लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम और कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम में सुधार कार्य समय सीमा से पहले या उसके आसपास पूरा हो जाएगा। पीसीबी ने एक बयान में कहा,'गद्दाफी स्टेडियम और नेशनल बैंक स्टेडियम में तैयारियों के अग्रिम चरण को देखते हुए पीसीबी ने आगामी त्रिकोणीय वनडे श्रृंखला को इन दो स्थलों पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।'

मुल्तान में खेली जानी थी सीरीज

उसने कहा,'न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ पाकिस्तान की भागीदारी वाली यह श्रृंखला मूल रूप से मुल्तान में आयोजित होने वाली थी। यह फैसला इन उन्नत स्टेडियमों की तैयारी और खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रशंसकों के लिए विश्व स्तरीय अनुभव प्रदान करने की उनकी क्षमता में पीसीबी के विश्वास को दर्शाता है।'

ऐसा है सीरीज का कार्यक्रम

तीन देशों की त्रिकोणीय सीरीज का आगाज 8 फरवरी को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच भिड़ंत के साथ होगा। सीरीज का दूसरा मुकाबला 10 फरवरी को न्यूजीलैंड-दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। तीसरा मैच 12 फरवरी को पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा। सीरीज का फाइनल 14 फरवरी को खेला जाएगा। मुल्तान में सीरीज के सभी मैच खेले जाने थे लेकिन अब ये मैच चैंपियंस ट्रॉफी के वेन्यू पर खेले जाएंगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article