लाहौर: सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक टेस्ट क्रिकेट में अपनी वापसी पर शतक से चूक गये लेकिन पाकिस्तान ने मध्यक्रम के लड़खड़ाने के बावजूद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट के शुरुआती दिन रविवार को पांच विकेट पर 313 रन बना लिये। इमाम ने लगभग दो साल बाद अपने पहले टेस्ट मैच में 93 रनों की तेज पारी खेली और कप्तान शान मसूद (76) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 161 रनों की साझेदारी करके पाकिस्तान को नए विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप चक्र की मजबूत शुरुआत दिलाई।
पाकिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका, पहला टेस्ट (फोटो क्रेडिट Proteas Men X)
दक्षिण अफ्रीका के तीनों स्पिनरों ने कड़ी मेहनत करते हुए पाकिस्तान के 199 के स्कोर पर तीन विकेट चटकाये लेकिन मोहम्मद रिजवान (नाबाद 62) और सलमान अली आगा (नाबाद 52) ने नाबाद अर्धशतक जड़े कर मैच के पहले दिन अपनी टीम की वापसी करा दी। पाकिस्तान ने दिन के आखिरी सत्र में सिर्फ बाबर आजम (23) के रूप में इकलौता विकेट गंवाया। रिजवान और आगा दोनों जीवनदान का फायदा उठा कर क्रीज पर डटे हुए हैं। कप्तान एडेन मार्करम ने स्लिप में रिजवान का मुश्किल कैच लपकने में नाकाम रहे जबकि उन्होंने सेनुरान मुथुसामी (101 रन पर दो विकेट) की गेंद पर आगा का आसान कैच टपका दिया।
कगिसो रबाडा ने अब्दुल्ला शफीक को (दो) को पगबाधा कर दक्षिण अफ्रीका को अच्छी शुरुआत दिलाई लेकिन इमाम और मसूद ने मुथुसामी, सिमोन हार्मर (75 रन पर एक विकेट) और प्रेनेलन सुब्रायेन (72 रन पर एक विकेट) ने स्पिनरों की तिकड़ी के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी की। इन दोनों बल्लेबाजों को भी दक्षिण अफ्रीका के लचर क्षेत्ररक्षण का फायदा मिला। टोनी डी जोरजी ने मसूद जबकि वियान मुल्डर ने इमाम का कैच टपकाया।
सुब्रायेन ने मसूद को पगबाधा कर इस साझेदारी को तोड़ा जिसके बाद मुथुसामी ने लगातार दो गेंदों में इमाम और सउद शकील (शून्य) को पवेलियन की राह दिखाई। हार्मर ने पाकिस्तान के स्कोरबोर्ड पर कोई रन बढ़ने से पहले संघर्ष कर रहे बाबर आजम को चलता कर दक्षिण अफ्रीका को 200 रन से पहले पांचवीं सफलता दिला दी। रिजवान और आगा ने इसके बाद 114 रन की अटूट साझेदारी कर मैच में टीम की वापसी कराई। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतने वाली दक्षिण अफ्रीका की टीम लगातार 10 टेस्ट में जीत के साथ इस दौरे पर आयी है। टीम को नियमित कप्तान टेम्बा बावुमा की सेवाएं नहीं मिल रही है। वह चोट के कारण टीम से बाहर है।
