PAK vs BAN Run-Out Controversy: 13 मार्च को ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में एक ऐसा पल आया, जिसके बाद क्रिकेट के गलियारों में बवाल मच गया। इस मुकाबले में पाकिस्तानी प्लेयर सलमान अली आगा और बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज लाइमलाइट में रहे। दरअसल, बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने सलमान अली आगा को विवादित तरीके से रन आउट किया। इसके बाद सलमान अली आगा भड़क उठे।
मोहम्मद कैफ (फोटो साभार- X)
मोहम्मद कैफ ने किया सलमान अली आगा का समर्थन
इस रन आउट को लेकर अब पूर्व क्रिकेटर तरह-तरह के बयान दे रहे हैं। इसी मामले में पूर्व भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने पाकिस्तानी खिलाड़ी का समर्थन किया है। कैफ ने बांग्लादेशी कप्तान के रन आउट करने के तरीके को गलत बताया। अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर किए पोस्ट में मोहम्मद कैफ ने लिखा, 'जो हुआ वह बहुत गलत था। बांग्लादेशी कप्तान को ऐसा नहीं करना चाहिए था।' मोहम्मद कैफ ने आगे लिखा, 'यह रन आउट विकेट लेने की किसी भी तरह की डेस्पिरेशन को जस्टीफाई नहीं करता है। वो भी कप्तान ने ऐसा किया। युवाओं ध्यान रखो, अगर वर्ल्ड कप फाइनल भी दांव पर हो तब भी ऐसा नहीं करना जैसा बांग्लादेशी कप्तान ने किया। खेल बिना फेयर प्ले के खेल नहीं है।' देखें पोस्ट-
बता दें कि यह घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में घटी। जब बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने चौथी गेंद डाली और स्ट्राइक पर खड़े मोहम्मद रिजवान ने सामने शॉट खेला। इसके बाद मिराज गेंद रोकने के लिए आगे बढ़े और इसे अपने पैर से रोका। तभी नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े सलमान अली आगा क्रीज से बाहर आ चुके थे। सलमान अली आगा के पास यह गेंद रुक गई थी तो उनको लगा कि बॉल पूरी हो चुकी है। हालांकि, तभी बांग्लादेशी गेंदबाज ने गेंद को उठाकर स्टंप्स की ओर दे मारा और रन आउट की अपील कर दी। यह देखकर पाकिस्तानी बल्लेबाज चौंक उठे। हालांकि, वह क्रीज से बाहर थे तो इस कारण तीसरे अंपायर ने उनको आउट करार दे दिया। इससे सलमान अली आगा बौखला उठे और गुस्से में अपना हेलमेट मैदान पर फेंक दिया। पवेलियन लौटने से पहले वह बाग्लादेश के कप्तान से बहस करते भी दिखे।
