ENG vs NZ: क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में वापसी करना आसान नहीं होता है, लेकिन अगर बात रेड बॉल क्रिकेट की हो तो इसे और भी मुश्किल माना जाता है, लेकिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिनसन ने बताया कि सही मायने में वापसी क्या होती है? लॉर्ड्स में खेले जा रहे है पहले टेस्ट के पहले दिन 16 विकेट गिरे। इंग्लैंड को 140 पर ऑलआउट करने के बाद पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने 61 रन के स्कोर पर अपने 6 विकेट गंवा दिए।
ओली रॉबिन्सन (साभार-X)
ओली रॉबिनसन की दमदार वापसी
140 रन पर आउट होने के बाद इंग्लैंड को अपने गेंदबाजों से मुंहतोड़ जवाब की दरकार थी, जिसकी जिम्मेदारी उठाई दो साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने वाले ओली रॉबिन्सन ने, उन्होंने अपना पहला ही ओवर ना केवल मेडन डाला बल्कि इस ओवर में न्यूजीलैंड के 3 बल्लेबाजों को चलता कर दिया। रॉबिनसन ने पारी के दूसरे ओवर की तीसरी, पांचवी और छठी गेंद पर विकेट झटका। उन्होंने पहले डेवन कॉन्वे को फिर केन विलियमसन को और फिर ओवर के आखिरी गेंद पर उन्होंने रचिन रवींद्र को आउट कर न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर की कमर ही तोड़ दी। रॉबिनसन ने दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट लेकर अपने स्पेल को खत्म किया। उन्होंने 6 ओवर में 3 मेडन देकर केवल 10 रन दिए और 4 विकेट चटकाए। रॉबिनसन के अलावा गस एटकिंसन और जोश टंग ने 1-1 विकेट चटकाए।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उसके गेंदबाजों ने कप्तान के इस फैसले को सही ठहराते हुए इंग्लैंड के शुरुआती 5 विकेट केवल 55 रन के स्कोर पर हासिल कर लिए थे। नतीजा पूरी इंग्लैंड टीम 140 रन के स्कोर पर ढेर हो गई। बैजबॉल का यह पहले बल्लेबाजी करते हुए सबसे कम टोटल का रिकॉर्ड है। इंग्लैंड की ओर से 56 रन की पारी हैरी ब्रूक ने खेली। ब्रूक के अलावा कोई भी बल्लेबाज दम नहीं दिखा पाया। इंग्लैंड की खराब बल्लेबाजी का आलम यह रहा कि 6 बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाए। काइल जैमिसन ने सर्वाधिक 5 विकेट चटकाए जबकि नाथन स्मिथ ने 3 और विलियम ओ'रूर्के ने दो विकेट चटकाए।
