Shivam Mavi, India vs Sri Lanka 2nd T20 Match: श्रीलंका और भारत के बीच पुणे में गुरुवार को खेले गए टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया को 16 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में श्रीलंका ने 206 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में उतरी भारतीय टीम शुरुआत में तो लड़खड़ाती नजर आई लेकिन बाद में अक्षर पटेल और शिवम मावी की शानदार बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया ने 8 विकेट पर 190 रन जरूर बना डाले। अक्षर पटेल की बल्लेबाजी के जलवे तो पहले भी फैंस ने देखे हैं लेकिन शिवम मावी द्वारा 15 गेंदों में बनाए गए 26 रनों ने सबको जरूर चौंकाया। इसके बाद शिवम मावी का एक पुराना बयान वायरल है।
अक्षर पटेल और शिवम मावी (BCCI)
श्रीलंका द्वारा दिए गए 207 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने एक समय पर 57 रन पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। तभी सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने 36 गेंदों में 51 रनों की पारी खेलते हुए कुछ उम्मीदें जगा दीं। लेकिन 148 रन पर सूर्यकुमार का विकेट गिरने के बाद टीम इंडिया फिर मुश्किल में नजर आने लगी थी। तभी अक्षर पटेल ने 31 गेंदों में 65 रनों की पारी खेली और उनका साथ दिया पिछले ही मैच में डेब्यू करने वाले शिवम मावी ने जिन्होंने 15 गेंदों पर 2 छक्के और 2 चौके जड़ते हुए 26 रन जड़ डाले।
शिवम मावी एक शानदार गेंदबाज हैं जिन्होंने पहले टी20 में चार विकेट भी लिए थे, लेकिन उनकी बल्लेबाजी का जलवा देखकर सब हैरान हुए। अब उनका एक पुराना बयान वायरल हो रहा है। बीसीसीआई.टीवी को दिए इस बयान में शिवम कहते नजर आते हैं कि वो पिछले दो सालों से नेट्स में बल्लेबाजी का जमकर अभ्यास कर रहे हैं।
शिवम इस वीडियो में कहते हैं, "मैं पिछले दो सालों से अपनी बल्लेबाजी पर खूब काम कर रहा हूं। आपने मुझे नेट्स में कुछ छक्के जड़ते हुए देखा होगा। मेरी फील्डिंग अच्छी थी और मेरी गेंदबाजी भी, लेकिन बल्लेबाजी वो चीज है जिस पर मैंने काम किया है। इससे अच्छा महसूस हो रहा है।"
भारत और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज के शुरुआत होते ही शुभमन गिल और शिवम मावी को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका दिया गया था। शिवम मावी को नोएडा एक्सप्रेस के नाम से भी जाना जाता है और पहले टी20 में शानदार गेंदबाजी करके उन्होंने अपने चयन को सही भी साबित किया। शिवम को आईपीएल 2023 की नीलामी में हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस टीम ने 6 करोड़ रुपये में खरीदा है।
