क्रिकेट

NZ W vs SA W: न्यूजीलैंड के खिलाफ म्लाबा ने रचा इतिहास, महिला विश्व कप में कभी न हुआ था ऐसा

Women's World Cup 2025: न्यूजीलैंड के खिलाफ सोमवार को महिला विश्व कप 2025 के सातवें मुकाबले में साउथ अफ्रीकी गेंदबाज नॉनकुलुलेको म्लाबा ने चार विकेट लेकर इतिहास रच दिया है।नॉनकुलुलेको म्लाबा ने 10 ओवरों में 40 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने पहले स्पेल में 5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 22 रन देकर कोई सफलता हासिल नहीं की।

Image

म्लाबा ने रचा इतिहास (फोटो- AP)

Women's World Cup 2025: महिला विश्व कप 2025 में सोमवार को खेले गए सातवें मुकाबले में साउथ अफ्रीका की बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज नॉनकुलुलेको म्लाबा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए इस मैच में म्लाबा ने चार विकेट झटककर वनडे विश्व कप इतिहास में किसी भी साउथ अफ्रीकी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया।

म्लाबा का ऐतिहासिक प्रदर्शन

होल्कर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नॉनकुलुलेको म्लाबा ने अपने 10 ओवरों में 40 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।

पहले स्पेल में उन्होंने 5 ओवर फेंके और 22 रन दिए लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने जब दूसरा स्पेल शुरू किया तो उन्होंने महज 18 रन देकर 4 विकेट झटक लिए और न्यूजीलैंड की पारी की कमर तोड़ दी।यह प्रदर्शन साउथ अफ्रीका की महिला विश्व कप इतिहास में अब तक का सबसे बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन माना जा रहा है।

न्यूजीलैंड की पारी रही संघर्षपूर्ण

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर सूजी बेट्स (0) पवेलियन लौट गईं। इसके बाद अमेलिया केर (23) भी 44 के स्कोर पर आउट हो गईं।इसके बाद जॉर्जिया प्लिम्मर ने कप्तान सोफी डिवाइन के साथ तीसरे विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। प्लिम्मर 68 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुईं।इसके बाद ब्रूक हॉलिडे ने सोफी डिवाइन के साथ चौथे विकेट के लिए 86 रन जोड़ते हुए पारी को आगे बढ़ाया।

सोफी डिवाइन की कप्तानी पारी

कप्तान सोफी डिवाइन ने एक बार फिर अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए 98 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 85 रन बनाए। उन्होंने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उनके आउट होते ही न्यूजीलैंड की पारी लड़खड़ा गई।ब्रूक हॉलिडे ने भी 45 रन का अहम योगदान दिया, जिसके दम पर न्यूजीलैंड की पूरी टीम 47.5 ओवरों में 231 रन पर सिमट गई।

साउथ अफ्रीका की शानदार गेंदबाजी

साउथ अफ्रीका की ओर से सबसे बेहतरीन गेंदबाजी नॉनकुलुलेको म्लाबा ने की, जिन्होंने 4 विकेट हासिल किए।उनके अलावा मारिजैन कप्प, अयाबांगा खाका, नादिन डी क्लार्क और क्लो ट्रायॉन ने 1-1 विकेट झटके।

साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच अब तक का रिकॉर्ड

1999 से अब तक साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की महिला टीमों के बीच कुल 20 मुकाबले खेले गए हैं।इनमें से न्यूजीलैंड ने 12 मैच जीते हैं, जबकि साउथ अफ्रीका ने 8 मुकाबलों में जीत हासिल की है।म्लाबा के इस शानदार प्रदर्शन के बाद साउथ अफ्रीका की टीम का आत्मविश्वास निश्चित रूप से बढ़ा है और अब वे टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

(IANS)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article