New Zealand vs Afghanistan Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के 14वें मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 75 रनों से मात दे दी है। ये अफगानिस्तान की टी20 वर्ल्ड कप 2024 की लगातार दूसरी जीत है। वे अंक तालिका में भी टॉप पर पहुंच गए हैं। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने गुरबाज की शानदार पारी की बदौलत 159 रन बनाए। वहीं 160 रनों के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम बिखर गई और केवल 75 रनों पर ही ऑलआउट हो गई। ये न्यूजीलैंड की अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ी हार है। मैच में अफगानिस्तान की जीत के हीरो बल्लेबाजी से रहमानुल्लाह गुरबाज रहे। वहीं गेंदबाजी में फजल फारुखी और राशिद खान ने टीम को जीत दिलाई।
न्यूजीलैंड बनाम अफगानिस्तान (फोटो- ap)
मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हालांकि ये उन्हीं पर भारी पड़ गया। अफगानिस्तान के लिए ओपनिंग करने आए रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ाया और न्यूजीलैंड को विकेट के लिए तरसा दिया। दोनों ने शतकीय साझेदारी की। टीम को पहला झटका 15वें ओवर में इब्राहिम जादरान के रुप में मिला। हालांकि इसके बावजूद रहमानुल्लाह गुरबाज नहीं रुके और एक छोर से लगातार रन बनाते गए। न्यूजीलैंड ने आखिरी ओवर में दमदार वापसी की और ट्रेट बोल्ट ने 3 विकेट झटके हालांकि ये काफी नहीं था।
