स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के 18वें मैच में कप्तान सार्थक रंजन की बेहतरीन पारी और अनुशासित गेंदबाजी के दम पर नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को सात विकेट से आसानी से हरा दिया।
सार्थक रंजन ने खेली अर्धशतकीय पारी। फोटो- DPL
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को उनके निर्धारित 20 ओवरों में 161/8 के स्कोर पर रोक दिया। ओपनर अतुल्य पांडे ने 21 गेंद में 32 रन बनाकर टाइगर्स को तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि, नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने अहम मौकों पर विकेट चटकाए। विकास दीक्षित सबसे बेहतरीन गेंदबाज रहे। उन्होंने मिडिल और डेथ ओवरों में साझेदारियां तोड़ीं और चार ओवर में 3/28 के शानदार आंकड़े के साथ अपना स्पेल समाप्त किया।
पांच गेंदबाजों ने चटकाए एक-एक विकेट
कप्तान हिम्मत सिंह (17 गेंद में 24), आर्यन शर्मा (21 गेंद में 25) और ऋतिक शौकीन (25 गेंद में नाबाद 35) के मिडिल-ऑर्डर में योगदान के बावजूद टाइगर्स स्ट्राइकर्स के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने खुलकर नहीं खेल पाए। स्ट्राइकर्स के सभी पांच मुख्य गेंदबाजों, अखिल चौधरी (1/33), अजय यादव (1/32), अर्जुन रापरिया (1/35), मयंक डागर (1/32) और विकास दीक्षित ने एक विकेट लिया।
कप्तान रंजन ने खेली अर्धशतकीय पारी
जीत के लिए 162 रनों का पीछा करते हुए, नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया और 19.1 ओवर में 165/3 रन बनाए। कप्तान सार्थक रंजन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंद में 65 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और पांच लंबे छक्के शामिल थे। रंजन ने वैभव कंडपाल के साथ 70 गेंद में 102 रनों की बड़ी ओपनिंग साझेदारी की।
वैभव का भी चला बल्ला
वैभव ने 36 गेंद में 41 रन बनाकर पारी को बखूबी संभाला। हालांकि, रेवंत राक्यान ने 2/26 विकेट लेकर चेज को थोड़ी देर के लिए रोक दिया था, लेकिन यश भाटिया (9 गेंद में 19 रन), भरत सिंधवानी (18 गेंद में नाबाद 24 रन) और यश डबास (9 गेंद में नाबाद 14 रन) की तेज पारियों ने स्ट्राइकर्स को पांच गेंदें बाकी रहते हुए आसानी से जीत दिला दी।
