स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। माउंट विक्टोरिया और माउंट कुक के नीचे बसा बेसिन रिजर्व, वेलिंगटन शहर के अंदरूनी हिस्से में क्रिकेट का एक आइलैंड है। दर्शकों ग्राउंड के पूर्वी हिस्से में घास के किनारे पर बैठकर धूप सेकते हुए मैच आनंद उठाते हैं। नेचुरल सन ट्रैप बदनाम दक्षिणी हवाओं से क्रिकेट फैंस को बचाता है। यह ग्राउंड पार्लियामेंट के एक्ट से सुरक्षित है और नेशनल हेरिटेज लिस्ट में न्यूजीलैंड का एकमात्र स्पोर्ट ग्राउंड है। इसी खूबसूरत ग्राउंड पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच गुरुवार, 19 नवंबर से खेला जाएगा।
भारत-न्यूजीलैंड पहला टेस्ट मैच पिच रिपोर्ट।
वेलिंग्टन में भारत के सामने ना सिर्फ मेजबान टीम के खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे, बल्कि तेज हवाओं के लिए मशहूर वेलिंग्टन अपनी हवाओं से भी चुनौती पेश करेगा। यहां की तेज हवा और तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल मानी जा रही परिस्थितियों में कप्तान शुभमन गिल की रणनीतिक सूझबूझ और दबाव झेलने की क्षमता की भी परीक्षा होगी। साथ ही 58 साल से चले आ रहे इस मैदान पर जीत का सूखा समाप्त करने का भी दारोमदार होगा।
मैदान का इतिहास और टेस्ट आंकड़े (Basin Reserve Wellington Test Stats)
बेसिन रिजर्व क्रिकेट स्टेडियम बनने के पीछे एक दिलचस्प कहानी है। 1855 में आए एक भूकंप से जमीन इतनी समतल हो गई कि बेसिन रिजर्व बन गया। हालांकि, जमीन दलदली थी और इसे बनने में और 13 साल लग गए। इस स्टेडियम पर पहला मैच 1868 में वेलिंग्टन वॉलंटियर्स और HMS फाल्कन के रिप्रेजेंटेटिव के बीच खेला गया। इस मैदान पर पहला अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मैच 1930 में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच और आखिरी टेस्ट मैच 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला गया।
भारत ने जीता है एकमात्र टेस्ट मैच (IND vs NZ Head To Head)
1930 से लेकर 2025 तक इस स्टेडियम पर अब तक कुल 70 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाला टेस्ट मैच 71वां मुकाबला होगा। न्यूजीलैंड ने अब तक यहां कुल 24 मुकाबले जीत हैं। इस मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 8 टेस्ट मैच खेले गए हैं। इसमें से न्यूजीलैंड ने 5 मैच जीत हैं, जबकि भारत ने 1968 में खेले गए मुकाबले में एकमात्र जीत दर्ज की है। वहीं, 2 मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं। साल 2020 में जब दोनों टीमें इस मैदान पर उतरी थीं तो न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की थी।
बेसिन रिजर्व पिच रिपोर्ट (Basin Reserve Wellington Pitch Report)
बेसिन रिजर्व की पिच की बात करें तो यहां की तेज हवा का फायदा तेज गेंदबाजों को मिलता है। मैदान हरी घास से ढका हुआ है। शुरुआती दो दिनों में नई गेंद से सीम और स्विंग मूवमेंट मिलेगा, जिससे बल्लेबाजों को संभलकर खेलना होगा। मैच आगे बढ़ने और धूप निकलने के साथ पिच बल्लेबाजी के लिए आसान हो सकती है, जबकि आखिरी दिनों में स्पिनरों को भी मदद मिल सकती है। वेलिंग्टन में तेज हवाएं गेंदबाजों को अतिरिक्त मदद दे सकती हैं और बल्लेबाजों व फील्डरों के लिए चुनौती बढ़ा सकती हैं। कुल मिलाकर बल्ले और गेंद से यहां एक रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
