स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट की तीन दिग्गज सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स और ली ताहुहू ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी लीग मुकाबले में तीनों सीनियर खिलाड़ियों ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला। वहीं, मैच में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 9 विकेट से शिकस्त दी, जिसके चलते न्यूजीलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
न्यूजीलैंड की तीन दिग्गज खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा। फोटो- ICC
शनिवार को ग्रुप बी का रोमांचक समापन हुआ, जिसमें इंग्लैंड ने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपना अपराजेय क्रम बरकरार रखते हुए न्यूजीलैंड को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। नतीजतन, वेस्टइंडीज अपने आखिरी ग्रुप मैच में आयरलैंड से हारने के बावजूद सेमीफाइनल में पहुंच गया। वहीं, पाकिस्तान ने ग्रुप ए के एक मुकाबले में नीदरलैंड्स पर 37 रनों की जीत के साथ अपने अभियान का अंत किया।
तीनों ने मिलकर खेले लगभग 900 मैच
महिला टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड का खिताब बचाने का सपना ओवल में इंग्लैंड से 9 विकेट की हार के साथ समाप्त हो गया। मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को चारो खाने चित कर दिया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 17.2 ओवर में एक विकेट गंवाकर आसानी से मैच अपने नाम कर लिया। इस हार के साथ ही डिवाइन, बेट्स और बॉलर ली ताहुहू का इंटरनेशनल करियर खत्म हो गया। इन तीनों ने मिलकर न्यूजीलैंड के लिए लगभग 900 मैच खेले हैं। मैच के बाद इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने तीनों को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया।
ऐसा रहा तीनों दिग्गजों का अंतरराष्ट्रीय करियर
सोफी डिवाइन ने 2006 में वनडे और डेब्यू किया। अपने 20 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में न्यूजीलैंड के लिए 159 वनडे मैच में 4279 रन बनाए, जिसमें 9 शतक शामिल रहे। वहीं, 111 विकेट भी चटकाए हैं। टी20 में 158 मैच खेलने वाली डिवाइन ने 3817 रन बनाए हैं और 130 विकेट अपने नाम किया। उनके नाम टी20I में एक शतक भी है।
साल 2006 में वनडे और 2007 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाली सूजी बेट्स ने न्यूजीलैंड के लिए 184 वनडे मैच और 186 टी20 मैच खेले हैं। इस दौरान बेट्स ने 13 शतक के साथ 5982 वनडे रन और 1 शतक के साथ 4758 रन बनाए हैं। उनके नाम वनडे में 83 विकेट और टी20 में 62 विकेट भी दर्ज हैं।
टीम की सबसे अनुभवी गेंदबाज रहीं ली ताहुहू ने साल 2011 में अपना डेब्यू किया। 15 साल के लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में ताहुहू ने 103 वनडे मैच में 125 विकेट और 104 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 103 विकेट अपने नाम किए।
