NEP vs WI Highlights: नेपाल क्रिकेट टीम सोमवार के दिन को ताउम्र भूल नहीं पाएगी। शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में उसने इस फॉर्मेट की दो बार वर्ल्ड चैंपियन को न केवल हराया बल्कि 3 मैच की टी20 सीरीज को अपने नाम भी कर लिया। यह पहला मौका है जब नेपाल ने किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में कोई सीरीज जीती है। पहले मैच में वेस्टइंडीज को हराने के बाद टीम के हौसले सातवें आसमान पर थे और यही कारण है कि टॉस जीतने के बाद उसने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और वेस्टइंडीज के सामने 174 रन का विशाल लक्ष्य रख दिया।
नेपाल क्रिकेट टीम (साभार-Instagram)
नेपाल की ओर से आसिफ शेख ने 47 गेंद में 68 और संदीप जोरा ने 39 गेंद में 63 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली और अपनी टीम को 173 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम पूरे मैच में कहीं भी फाइट करते नहीं दिखी। नतीजा दो बार की वर्ल्ड चैंपियन टीम 20 ओवर भी नहीं टिक पाई और 83 रन बनाकर ढेर हो गई। नेपाल ने यह मुकाबला 90 रन के अंतर से जीता जो इस फॉर्मेट में विशाल जीत कही जा सकती है। शानदार बल्लेबाजी करने के बाद नेपाल के गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को जरा भी रन बनाने का मौका नहीं दिया। वेस्टइंडीज की खराब बल्लेबाजी का आलम यह रहा कि केवल 3 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। वेस्टइंडीज की ओर से सर्वाधिक 21 रन की पारी अनुभवी जेसन होल्डर ने खेली। नेपाल की ओर से मोहम्मद आदिल आलम ने सर्वाधिक 4 जबकि कुसल भुर्तेल ने 3 विकेट चटकाए।
इस जीत के साथ ही नेपाल ने 3 मैच की टी20 सीरीज में भी 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। इससे पहले इसी मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में उसने 19 रन से जीत दर्ज की थी। उस मुकाबले में भी वेस्टइंडीज लक्ष्य का पीछा कर रही थी और नेपाल ने 148 रन के स्कोर को सफलतापूर्वक डिफेंड कर लिया था।।
