मैके: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर नाथन लॉयन ने बांग्लादेश के खिलाफ दो मैच की सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच के तीसरे दिन अपने नाम एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली। लॉयन ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरी पारी में 11.3 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो, तस्कीन अहमद और शरीफुल इस्लाम को अपना शिकार बनाया और इसके साथ ही उनका नाम रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज हो गया। लॉयन ने ऑस्ट्रेलिया के महान गेंदबाजों के स्पेशल क्लब में एंट्री कर ली है।
नाथन लॉयन (फोटो क्रेडिट AP and AI Generated)
600 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले पांचवें कंगारू
38 वर्षीय नाथन लॉयन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 600 से ज्यादा विकेट चटकाने वाले ऑस्ट्रेलिया के दूसरे स्पिनर और पांचवें गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने ये उपलब्धि मैके टेस्ट में तस्कीन अहमद का शिकार करके हासिल की। लॉयन ने 600 विकेट के आंकड़े को 174वें अंतरराष्ट्रीय मैच में हासिल की। उनके खाते में 174 मैच की 296 पारी में 601 विकेट दर्ज हो गए हैं। उन्होंने 601 विकेट में से 571 विकेट टेस्ट में, 29 विकेट वनडे में और एक विकेट अंतरराष्ट्रीय टी20 में अपने नाम किया है। 24 बार उन्होंने पारी में 5 विकेट और 10 बार मैच में 10 या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। 50 रन देकर 8 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
खिलाड़ियों के साथ स्पेशल क्लब में हुए शामिल
लॉयन से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 600 या उससे ज्यादा विकेट शेन वॉर्न (1001), ग्लेन मैक्ग्रा(949), मिचेल स्टार्क (771) और ब्रेट ली(718) ने चटकाए हैं। स्टार्क को टेस्ट की तुलना में वनडे और टी20 फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने के ज्यादा मौके नहीं मिले। 15 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में लॉयन ने 143 टेस्ट मैच खेले लेकिन उन्हें केवल 29 वनडे और 2 टी20आई मैच में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।
